नई दिल्ली: भारी बारिश की वजह से राष्ट्रीय राजधानी का यातायात आज पटरी से उतर गया और कई सड़कों पर जलभराव की वजह से गाड़ियां रेंगती दिखीं। इस वजह से पूरा दिन दफ्तर जाने वालों और अन्य मुसाफिरों को परेशानी हुई। सुबह में हुई बारिश ने प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार को धीमा कर दिया। कई सड़कों, अंडरपासों पर जलभराव की वजह से विभिन्न रास्तों पर भारी जाम लग गया जिस वजह से यात्रियों को खासी मुसीबत का सामना करना पड़ा।
गुरुवार शाम को हुई भारी बारिश की वजह से गुड़गांव की ओर जाने वाली सड़कों पर जाम लगा हुआ है और दिल्ली यातायात पुलिस ने आज सुबह यात्रियों को एनएच-8 से बचने की सलाह दी। दिल्ली यातायात पुलिस ने एक ट्वीट किया, एनएच-8 पर गुड़गांव में हीरो होंडा चौक के पास यातायात जाम है। दिल्ली से गुड़गाव जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे एनएच-8 से बचें।
गुड़गांव पुलिस ने भी मुसाफिरों को आगाह किया कि शहर में यातायात की स्थिति को अभी सामान्य होना है। एनएच-8 और सोहना रोड सहित गुड़गांव की ओर जाने वाली विभिन्न सड़कों पर शुक्रवार सुबह जाम लगा हुआ था। बारिश और जलभराव की वजह से गाडि़यों की रफ्तार बहुत धीमी थी। जलभराव के कारण दोपहर तक कई सड़कों पर यातयात धीमा था। दिल्ली यातायात पुलिस ने यात्रियों को जलभराव और भारी यातायात की वजह से कुछ सड़कों से बचने को आगाह किया था
द्वारका लिंग रोड पर भरथल पर, वजीराबाद रोड, अप्सरा गोलचक्कर, मंडोली और राजौेरी फ्लाइओरवर सहित कई स्थानों पर जलभराव के कारण जाम लगा हुआ था। कांवड़ियों की वजह से एनएच-24 पर भी यातायात प्रभावित हुआ है। दोपहर तक विभिन्न सड़कों पर भारी यातायात की खबर थी। राजधानी पार्क मेट्रो स्टेशन से मुंडका मेट्रो स्टेशन की ओर का यातायात जलभराव की वजह से बाधित हुआ। शाम में हुई बारिश की वजह से कई अन्य स्थानों जैसे पमपोश एन्क्लेव, सवित्री फ्लाईओवर के नीचे, चिराग दिल्ली फ्लाईओवर और मोदी मिल फ्लाईओवर पर जलभराव हो गया।