कोलकाता: हाल ही में शुक्रवार की रात ढाका में हुए आतंकवादी हमले के बाद से भारत-बागंलादेश सीमा पर हाईअलर्ट जारी कर दिया है। इसी के साथ ही BSF को भी सतर्क कर दिया गया है। इस हमले की वजह से BSF ने मालदा के मोहदीपुर के बंदरगाह क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है। सीमावर्ती क्षेत्रों पर बसे सभी गांवों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घुसपैठ की किसी भी तरह की घटना को रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ मुलाकात की।
सीमा पर बढ़ाई गई है सतर्कता
नदियों को सुरक्षित करने के लिए स्पीड बोट का इस्तेमाल किया जा रहा है। सीमा से लगे सभी प्रवेश द्वारों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। कई इलाकों में प्रवेश और निकास बिंदुओं की जांच की जा रही है। साथ ही वाहनों के वैध कागजात की जांच की जा रही है।
क्या था मामला
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में गुलशन डिप्लोमेटिक जोन स्थित होली आर्टिशन बेकरी रेस्टोरेंट में 8 से 10 हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया था। करीब 30 से ज्यादा विदेशियों व कई डिप्लोमैट्स को बंधक बना लिया गया था। हमले में दो इटैलियन और दो पुलिसकर्मी मारे गए। जबकि, 30 से ज्यादा जख्मी हुए थे। जिसके बाद बांग्लादेश के सुरक्षाबल ने बंधकों को छुड़ाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया। जिसके बाद कमांडो ने 6 आतंकवादियों को ढेर कर दिया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। आपको बता दें कि सभी आतंकी उच्च शिक्षित थे।