1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अब नोट बदलवाने वालों की उंगली पर लगाई जाएगी स्याही

अब नोट बदलवाने वालों की उंगली पर लगाई जाएगी स्याही

 Written By: India TV News Desk
 Published : Nov 15, 2016 02:10 pm IST,  Updated : Nov 15, 2016 02:10 pm IST

नोटबंदी की घोषणा के बाद देश के कई हिस्सों से बैंकों और एटीएम के बाहर लगी लंबी कतारों के खबरों के बीच सरकार ने कैश क्रंच से निपटने के लिए नए नियम जारी किए हैं।

Shashi Kant- India TV Hindi
Shashi Kant

नई दिल्ली: नोटबंदी की घोषणा के बाद देश के कई हिस्सों से बैंकों और एटीएम के बाहर लगी लंबी कतारों के खबरों के बीच सरकार ने कैश क्रंच से निपटने के लिए नए नियम जारी किए हैं। आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने कहा आज से नोट बदलवाने पर उंगली पर स्याही का निशान लगाया जाएगा। यह वैसा ही निशान होगा जैसा वोट देते समय लगता है। दास ने कहा कि पर्याप्त कैश मौजूद, लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है।

वहीं जन-धन खातों में बड़ी मात्रा में नकदी जमा होने की खबरें आने के बाद वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को जन-धन खातों में नकदी जमा करने की सीमा घटाकर 50,000 रुपये कर दी। आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने यहां पत्रकारों को बताया, "कुछ लोग जन-धन खातों में अपना काला धन जमा कर रहे थे। अब जन-धन खातों में सिर्फ 50,000 रुपये ही जमा किए जा सकेंगे।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सोमवार की रात वित्त मंत्रालय और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अधिकारियों के साथ नोटबंदी के मसले पर हुई दूसरी समीक्षा बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया।

शक्तिकांत ने बताया, "इन खातों पर नजर रखी जा रही है। जन-धन खाताधारकों को काला धान जमा करने के लिए दूसरों को अपने खातों का उपयोग नहीं करने देना चाहिए। बैंकों को इन खातों पर नजर रखने के लिए कहा गया है।"

अन्य बैंक खातों के संबंध में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को कहा था कि जिन खातों में डेढ़ या दो लाख रुपये जैसी छोटी राशि जमा हो रही है, उनकी जांच करने की फजीहत मोल नहीं ली जाएगी।

इस समय एटीएम बूथों से प्रतिदिन अधिकतम 2,500 रुपये निकाले जा सकते हैं, जबकि बैंकों से अधिकतम 4,500 रुपये के पुराने अमान्य नोट बदले जा सकते हैं।

वहीं बैंक काउंटर से हर सप्ताह अधिकतम 24,000 की नकद निकासी की जा सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत