नियंत्रण रेखा पार भारत के लक्षित हमले के बाद पाकिस्तान की सामा से लगे राज्यों में हाई अलर्ट कर दिया गया है। मल्टी एजेंसी सेंटर ने गुजरात सहित सभी सीमावर्ती राज्यों को चौकस किया है कि पाकिस्तान से दो संदिग्ध नाव निकली हैं जो गुजरात या महाराष्ट्र की तरफ जा सकती हैं।
मल्टी एजेंसी सेंटर ने बताया कि एक नाव मे कुछ तकनीकी ख़राबी आ गई लेकिन दूसरी नाव ठीक ठाक है। उच्च अधिकारियों ने बताया कि भारतीय तट रक्षकों की सतर्कता की वजह से ही रविवार को पोरबंदर तट पर 9 लोगों सहित एक पाकिस्तानी नाव को पकड़ने में कामयाबी मिली। ये नाव देखने में तो मछली पकड़ने वाली लगती है लेकिन उन सभी 9 लोगों से पोरबंदर में पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार दो नाव के बारे में तट रक्षक और भारतीय नौसेना को इनपुट्स दिए गए हैं। राज्य की सुरक्षा एजेंसियों से सीमावर्ती ज़िलों में डटे रहने को कहा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निबटा जा सके।
उच्च पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बीएसएफ, सेना, नौसेना और सीमावर्ती ज़िलों की 22 चेकपोस्ट को अलर्ट कर दिया गया है।