नई दिल्ली: भारतीय सेना द्वारा कश्मीर में पथराव से बचने के लिए एक व्यक्ति को कथित तौर पर मानव ढाल के रूप में जीप पर बांधने वाला विडियो वायरल हो रहा है। सेना ने इस विडियो की जांच के आदेश दिए हैं। वह व्यक्ति भी सामने आया है जिसे सेना की जीप पर बांधा गया। उसके भाई ने दावा किया है कि वह कोई पत्थरबाज नहीं बल्कि शॉल बुनकर है और सेना ने घंटों उसकी परेड कराई।(कश्मीर में पत्थरबाजों को जवानों ने सिखाया सबक, Video वायरल)
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर किया था जिसमें सेना की जीप के बोनट पर एक युवक को बांधकर ले जाया जा रहा है। इस वीडियो में जो व्यक्ति सेना की जीप के आगे बंधा है वो 26 वर्षीय फारूक अहमद धर है। 'इंडियन एक्सप्रेस' से बात करते हुए फारूक ने बताया कि उसने अपने जीवन में कभी पत्थरबाजी नहीं की। वो पत्थर चलाने वालों में से नहीं है। बल्कि वो तो कश्मीर में कुछ छोटे-मोटे काम करता था।
हालांकि सेना के सूत्रों का दावा है कि जीप पर बंधा शख्स पत्थरबाज ही है। उनके मुताबिक सेना की पांच गाड़ियों के काफिले को पत्थरबाजी और बिना किसी फायरिंग के सुरक्षित गुजारने के लिए यह कदम उठाया गया। विडियो के सामने आने के बाद मानवाधिकारवादी संगठन और तमाम राजनीतिक दल इस कदम की आलोचना कर रहे हैं। सीएम महबूबा मुफ्ती ने भी इस मामले में पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।
फारूक ने बताया कि उसे उटलीगाम से सोनपा, नजान, चाकपोरा, हांजीगुरु, रावलपोरा, खोसपोरा और अरिजल में करीब 25 किलोमीटर घुमाया गया। उस घटना के बारे में फारूक ने बताया, 'उस दिन मैं अपने एक संबंधी की आखिरी यात्रा में शामिल होने के लिए जा रहा था। रास्ते में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। मैं वहां रूक गया। थोड़ी देर बाद कुछ जवानों ने मुझे पकड़ा। उन्होंने मुझे मारा और जीप के आगे बांध दिया। मैं इस तरह से नौ गांवों से होता हुआ स्थानीय सीआरपीएफ कैंप में पहुंचा जहां मुझे जीप से खोला गया और कैंप में बिठाया गया।’
गौरतलब है कि इस वीडियो से पहले भी एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वेडियो में दिख रहा था कि कुछ कश्मीरी युवक सीआरपीएफ के जवान को लात मार रहे हैं लेकिन फिर भी जवान ने युवक को कुछ नहीं कहा। इस मामले में स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तीन लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है।
ये भी पढ़ें: भाजपा के पूर्व मंत्री की बेटी ने इंटरनेट पर मचाई सनसनी, 12 लाख हैं चाहने वाले
भारत का एक गांव जहां 5 दिनों तक निर्वस्त्र रहती हैं शादीशुदा महिलाएं!