नई दिल्ली: दिल्ली के महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बसअड्डे (आईएसबीटी) का मॉडल जल्द ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृहनगर गोरखपुर में भी अमल में लाया जा सकता है।
दिल्ली परिवहन विभाग के सूत्रों ने कहा कि उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जल्द ही इस मॉडल का अध्ययन करने के लिए महाराणा प्रताप आईएसबीटी का दौरा करेंगे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गोरखपुर जिले में आईएसबीटी का निर्माण कराना चाहती है। विशेष आयुक्त (परिवहन) केके दहिया ने इस कदम की पुष्टि की, लेकिन कोई ब्यौरा देने से इनकार किया। महाराणा आईएसबीटी का नवीनीकरण किया गया है।
दिल्ली परिवहन विभाग के अनुसार इस बस अड्डे पर हवाई अड्डे की तरह सुविधाएं हैं। इस आईएसबीटी से राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीार और हरियाणा के लिए बस सेवाएं संचालित होती हैं।