मुंबई: पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय रेल सेवा आज सुबह एक बैट्री बॉक्स की चोरी के कारण ठप्प हो गई, जिसकी वजह से व्यस्त समय में लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों पर पूर्वाह्न् करीब 11 बजे घोषणा की थी कि दादर में एक तकनीकी खराबी के कारण दोनों दिशाओं में तीव्र और धीमी गति की सभी रेलगाड़ियां रोक दी गई हैं।
पश्चिम रेलवे ने ट्विटर पर कहा, "माहिम विद्युत उपकेंद्र पर एक बैट्री बॉक्स चोरी हो गया है, जिसके कारण यह समस्या पैदा हुई है।"
बैट्री बाक्स चोरी के कारण अंधेरी और चर्चगेट के बीच बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, जिसकी वजह से पश्चिम रेलवे की लाइफ-लाईन कही जाने वाली लोकल रेलसेवा ठप्प हो गई। प्रतिदिन करीब 40 लाख से भी ज्यादा लोग इस उपनगरीय रेलसेवा का इस्तेमाल करते हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी रेलवे ने युद्धस्तर पर काम करते हुए समस्या को दूर कर दिया और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। अपराह्न् 12.18 बजे चर्चगेट से पहली धीमी गति की लोकल सेवा बहाल कर दी गई।
इसके थोड़ी देर बाद ही चारों लाइनों पर रेल सेवा का संचालन शुरू कर दिया गया।
हजारों लोगों ने अपनी यात्रा मध्य रेलवे यानी हार्बर लाइन या फिर 'बेस्ट' की बसों से पूरी की। 'बेस्ट' ने यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए विभिन्न दिशाओं में अतिरिक्त बसें चलाईं थीं।
एक अधिकारी ने बताया कि रेल सेवा शाम तक ही पूरी तरह सामान्य हो पाएगी।