1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लंदन के डिप्टी मेयर बने राजेश अग्रवाल, इंदौर में जश्न में डूबे रिश्तेदार

लंदन के डिप्टी मेयर बने राजेश अग्रवाल, इंदौर में जश्न में डूबे रिश्तेदार

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 30, 2016 08:59 pm IST,  Updated : Jun 30, 2016 09:01 pm IST

इंदौर: उद्यमी राजेश अग्रवाल के लंदन के उप महापौर पद पर पहुंचने के बाद मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित उनकी जन्मस्थली में उनके नजदीकी संबंधी फूले नहीं समा रहे हैं और जश्न में डूब गये हैं।

rajesh agrawal- India TV Hindi
rajesh agrawal

इंदौर: उद्यमी राजेश अग्रवाल के लंदन के उप महापौर पद पर पहुंचने के बाद मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित उनकी जन्मस्थली में उनके नजदीकी संबंधी फूले नहीं समा रहे हैं और जश्न में डूब गये हैं। अग्रवाल के बड़े भाई योगेश ने बताया, जब से राजेश के लंदन का उप महापौर बनने की खबर सामने आयी है, हमारे घर में रिश्तेदारों का तांता लग गया है। ये हमारे लिये गर्व और हर्षोल्लास के कीमती पल हैं।

उन्होंने बताया कि राजेश ने इंदौर के एक नामी स्कूल में पढ़ाई की। फिर शहर के एक निजी महाविद्यालय से प्रबंधन की डिग्री हासिल की। भारत में साल भर नौकरी करने के बाद राजेश वर्ष 2001 में लंदन चले गये और विदेशी मुद्रा विनिमय व अंतरण के क्षेत्र में अपने कारोबार को स्थापित किया।

योगेश, इंदौर में निजी क्षेत्र के एक बैंक में मैनेजर के पद पर काम करते हैं। रिश्तेदारों से घिरे इस 44 वर्षीय शख्स ने भावुक लहजे में कहा, मेरी मां कृष्णकांता अग्रवाल शहर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। राजेश के लंदन के उप महापौर पद पर पहुंचने में मां की उम्दा परवरिश का अहम योगदान है जिससे उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

लंदन के पाकिस्तानी मूल के महापौर सादिक खान ने 39 वर्षीय राजेश को उप महापौर बनाने की घोषणा की है। खान जब इंग्लैंड की राजधानी में महापौर पद के उम्मीदवार के रूप में चुनाव प्रचार में जुटे थे, तब राजेश उनके कारोबारी सलाहकार थे। खान ने लंदन के पहले मुस्लिम महापौर के रूप में पिछले महीने ही पदभार संभाला था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत