1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हैदराबाद मे सर्जरी के बाद आंखों की रोशनी जाने के मामले में डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज

हैदराबाद मे सर्जरी के बाद आंखों की रोशनी जाने के मामले में डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 07, 2016 02:19 pm IST,  Updated : Jul 07, 2016 02:25 pm IST

मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद सात मरीजों की आंखों की रोशनी समाप्त होने के आरोपों को लेकर यहां के एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है

eyesight lose after the surgery- India TV Hindi
eyesight lose after the surgery

हैदराबाद: मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद सात मरीजों की आंखों की रोशनी समाप्त होने के आरोपों को लेकर  हैदराबाद के एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। हुमायूं नगर पुलिस थाने के इन्स्पेक्टर एस रविन्दर ने बताया कि इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद सरोजिनी देवी नेत्र चिकित्सालय के कुछ डॉक्टरों के खिलाफ भादंसं की धारा 338 "जीवन या दूसरों की निजी सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य से गंभीर चोट पहुंचाना" के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।बहरहाल, उन्होंने कहा कि इस मामले में डॉक्टरों के नामों का विशेष रूप से उल्लेख नहीं किया गया है।

इन्स्पेक्टर ने पीटीआई को बताया यह मामला तेलंगाना मेडिकल बोर्ड के पास भेजा जाएगा। इस अस्पताल में पिछले सप्ताह कुछ लोगों की आंखों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद महिलाओं सहित 13 मरीजों की आंखों में संक्रमण हो गया और फिर इनमें से सात मरीजों की आंखों की रोशनी चली गई।इन्स्पेक्टर ने बताया कि प्रभावित मरीज अनजी रेड्डी के दामाद जितेन्दर रेड्डी ने शिकायत में डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस शिकायत में रेड्डी ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने न तो सही तरीके से सर्जरी की और न ही सावधानी बरती गई। इसके अलावा, मरीजों के परिजनों को बताये बिना मरीजों की पांच फॉलो अप सर्जरी भी की गईं जिससे उनकी आंखों की रोशनी समाप्त हो गई। 

अस्पताल के डॉक्टरों ने अपनी ओर से कोई लापरवाही बरते जाने से इंकार करते हुए दावा किया कि सर्जरी के दौरान प्रयुक्त की गईं सेलाइन की बोतलें संदूषित थीं जिनकी वजह से 13 मरीजों की आंखों में संक्रमण हुआ। ये मरीज 60 से 70 साल की उम्र के हैं।उन्होंने कहा जब आगे की जांच हुई तो हमें पता चला कि 13 मरीजों का ऑपरेशन एक ही ऑपरेशन थिएटर में किया गया था और उस दौरान प्रयुक्त हुई सेलाइन की बोतलों में क्लेबसिएला बैक्टीरिया का संदूषण था। इसी वजह से मरीजों की आंखों में संक्रमण हुआ और उनमें से कुछ की आंखों की रोशनी आंशिक रूप से चली गई। इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए तेलंगाना सरकार ने कल कहा था कि मरीजों को बेहतरीन इलाज मुहैया कराया जाएगा और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत