1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारतीय सैनिक को पाकिस्तान की कैद से छुड़ाने की कोशिशें जारी :पर्रिकर

भारतीय सैनिक को पाकिस्तान की कैद से छुड़ाने की कोशिशें जारी :पर्रिकर

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 02, 2016 01:40 pm IST,  Updated : Oct 02, 2016 01:40 pm IST

रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि सेना के जवान चंदू बाबूलाल चव्हाण को पाकिस्तान से वापस लाने के लिए डीजीएमओ के जरिये एक सुगठित तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है।

manohar parrikar says mechanism to bring back indian...- India TV Hindi
manohar parrikar says mechanism to bring back indian soldier from pakistan

पुणे: रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि सेना के जवान चंदू बाबूलाल चव्हाण को पाकिस्तान से वापस लाने के लिए डीजीएमओ के जरिये एक सुगठित तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। चव्हाण गलती से सीमा पार कर गए थे जिसके बाद पाकिस्तान ने उन्हें पकड़ लिया।

पर्रिकर ने कहा, 'वह सीमा पार कर गए, ऐसा सीमाई इलाकों में होता रहता है। डीजीएमओ (सैन्य अभियान महानिदेशक) के जरिये एक सुगठित तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है।' उन्होंने साथ ही कहा कि लोगों को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी असामान्य चीज की पुलिस को जानकारी देनी चाहिए।

बीती 30 सितंबर को 37 राष्ट्रीय रायफल्स के जवान चव्हाण गलती से नियंत्रण रेखा पार कर गए थे। डीजीएमओ ने हॉटलाइन पर पाकिस्तान को इसकी जानकारी दे दी है। सेना ने कहा, 'दोनों ही तरफ सेना और आम नागरिकों का गलती से सीमा पार कर जाना असामान्य नहीं है। उन्हें मौजूदा तंत्रों के जरिये वापस ले आया जाता है।'

इससे पहले शुक्रवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सैनिक के परिवार को फोन कॉल कर उसकी रिहाई के लिए पूरी कोशिशें किए जाने को लेकर आश्वस्त किया था। चव्हाण के साथ हुई घटना की खबर सुनकर उसकी दादी की सदमे से मौत हो गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत