नई दिल्ली: ख़ुफ़िया एजेंसियों को मिली जानकारी के मुताबिक लश्कर के आतंकवादी ईद से पहले भारत में हमले को अंजाम दे सकता हैं। जानकारी के मुताबिक भारत पर बांग्लादेश की तरह आतंकी हमला किया जा सकता है। ख़ुफ़िया सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि ख़ुफ़िया एजेंसियों ने जमात-उद-दावा चीफ़ और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफ़िज़ सईद की बातचीत को इंटरसेप्ट किया है। बातचीत से पता चला है कि लश्कर के आतंकवादी ईद से पहले बांग्लादेश की तर्ज पर हमला कर सकते हैं और उनका मुख्य निशाना पुल और भीड़भाड़ वाले इलाके हो सकते हैं।
खुफ़िया सूत्रों के मुताबिक पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मेघायल, असम और मिज़ोरम में आतंकी हमलों का ख़तरा सबसे ज़्यादा है। जिसके मद्देनज़र भारत बांग्लादेश बॉर्डर से सटे राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही ATS और NIA जैसी सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है।
ढाका में हुए आतंकवादी हमले के बाद BSF को भी सतर्क कर दिया गया है। इस हमले की वजह से BSF ने मालदा के मोहदीपुर के बंदरगाह क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है। सीमावर्ती क्षेत्रों पर बसे सभी गांवों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घुसपैठ की किसी भी तरह की घटना को रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ मुलाकात की।
क्या था मामला
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में गुलशन डिप्लोमेटिक जोन स्थित होली आर्टिशन बेकरी रेस्टोरेंट में 8 से 10 हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया था। करीब 30 से ज्यादा विदेशियों व कई डिप्लोमैट्स को बंधक बना लिया गया था। जिसके बाद बांग्लादेश के सुरक्षाबल ने बंधकों को छुड़ाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया। जिसके बाद कमांडो ने 6 आतंकवादियों को ढेर कर दिया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।