नई दिल्ली: असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जीत की ओर बढ़ते कदम और केरल में पहली बार एक सीट जीतने के आसार पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देशभर के लोगों ने उनकी पार्टी के प्रति भरोसा जताया है। भाजपा पश्चिम बंगाल में भी सात सीटें जीतने की ओर बढ़ रही है। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, "पूरे देश में लोगों ने भाजपा में विश्वास जताया है। लोग इसे ऐसी पार्टी के तौर पर देख रहे हैं जो चौतरफा एवं समावेशी विकास कर सकती है।"
मोदी ने भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल को प्रचार अभियान में उनके प्रयास और शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। भाजपा असम की 126 सीटों में से 78 पर आगे चल रही है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस केवल 29 सीटों पर आगे है। मोदी ने केरल के भाजपा कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, "मैं उन सभी को सलाम करता हूं जिन्होंने एक-एक ईंट जोड़कर दशक दर दशक केरल में भाजपा को खड़ा किया है। उनके कारण ही हम यह दिन देख पा रहे हैं।" केरल में भाजपा एक सीट पर आगे चल रही है। भाजपा के लिए केरल में यह जीत बेहद महत्वपूर्ण है, जिसमें पार्टी को विधानसभा या लोकसभा चुनाव में कभी कोई सीट हासिल नहीं हुई।
मोदी ने असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुदुच्चेरी और केरल को भी उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें आश्वासन देते हुए कहा, "हम हमेशा कड़ी मेहनत करेंगे और उनके लिए काम करेंगे।"