नयी दिल्ली: नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हैंड बैगेज में टैग पर सुरक्षा मुहर लगाए जाने की व्यवस्था सात हवाईअड्डों पर खत्म करने का आज फैसला किया लेकिन सीआईएसएफ(CISF) इसे फौरन लागू किए जाने का विरोध कर रही है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
दरअसल, नागरिक उड्डयन सुरक्षा विनियामक बीसीएएस ने एक परिपत्र में आज कहा कि हाथ में ले जाए जाने वाले थैले में टैग पर सुरक्षा मुहर लगाने की व्यवस्था सात हवाईअड्डों...दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलूरू, हैदराबाद, अहमदाबाद और कोचीन में फौरन खत्म की जाए।
हालांकि, ज्यादातर हवाईअड्डों की सुरक्षा करने वाली सीआईएसएफ के अधिकारियों ने कहा कि बल तत्काल आधार पर निर्देश को लागू करने में सक्षम नहीं है। सीआईएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बल ने हैंड बैगेज टैग से निजात पाने को लेकर कुछ हवाईअड्डों पर परीक्षण किया। परीक्षण सफल रहा, लेकिन एक प्रतिक्रिया निकली जिसके लिए जरूरी सुरक्षा उपकरण, सीसीटीवी और स्मार्ट कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह का बुनियादी ढांचा उपकरण कई हवाईअड्डों पर अभी पूरा नहीं हुआ है। परिपत्र के बारे में नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू ने कहा कि हम इस बदलाव के साथ सेक्युरिटी चेक टाइम और यात्री अनुभव में बेहतरी की उम्मीद करते हैं। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि परिपत्र घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर लागू होगा। बहरहाल, सीआईएसएफ को परिपत्र की आधिकारिक प्रति अभी मिलनी बाकी है।