1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. NIA को पाकिस्तान दौरे की अनुमति ना देना विश्वासघात होगा: राजनाथ

NIA को पाकिस्तान दौरे की अनुमति ना देना विश्वासघात होगा: राजनाथ

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 04, 2016 11:42 pm IST,  Updated : Jun 04, 2016 11:43 pm IST

राजनाथ सिंह ने आज पाकिस्तान पर बरसते हुए कहा कि अगर पड़ोसी देश पठानकोट एयरबेस पर हमले के मामले में जांच के लिए NIA के दल को वहां जाने की इजाजत नहीं देता तो यह भारत के साथ विश्वासघात होगा।

rajnath singh- India TV Hindi
rajnath singh

पठानकोट: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज पाकिस्तान पर बरसते हुए कहा कि अगर पड़ोसी देश पठानकोट एयरबेस पर हमले के मामले में जांच के लिए NIA के दल को वहां जाने की इजाजत नहीं देता तो यह भारत के साथ विश्वासघात होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच जम्मू कश्मीर कभी मुद्दा नहीं रहा और अगर दोनों देशों के बीच कोई मुद्दा है तो वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर का है।

यहां जानेमाने लोगों और विद्वानों को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि जब पाकिस्तान के संयुक्त जांच दल ने पठानकोट आतंकी हमले की जांच के सिलसिले में भारत आने का प्रस्ताव रखा था तो परस्पर सहमति बनी थी कि पाकिस्तानी जांचकर्ताओं के भारत दौरे के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का एक दल भी जांच के लिए और कुछ लोगों से पूछताछ के लिए पाकिस्तान जाएगा।  उन्होंने कहा, लेकिन पाकिस्तान ने अभी तक NIA को वहां जाने की अनुमति नहीं दी है। अगर NIA के दल को पाकिस्तान जाने की इजाजत नहीं दी जाती तो यह भारत के साथ विश्वासघात होगा।

सिंह ने कहा कि पाकिस्तान को NIA के दल को पाकिस्तान दौरे की अनुमति देकर साबित करना चाहिए कि वह आतंकवाद का समर्थन नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह बात साबित हो चुकी है कि पठानकोट एयरबेस के हमलावर पाकिस्तान से भारत आये थे और भारत ने इस मुद्दे को बहुत गंभीरता से लिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत