1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CBI प्रयोगशाला में JNU कार्यक्रम का मूल फुटेज असली पाया गया: पुलिस

CBI प्रयोगशाला में JNU कार्यक्रम का मूल फुटेज असली पाया गया: पुलिस

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 11, 2016 07:15 pm IST,  Updated : Jun 11, 2016 07:15 pm IST

पुलिस ने शनिवार को दावा किया कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के नौ फरवरी के विवादास्पद कार्यक्रम का मूल वीडियो फुटेज सीबीआई की फोरेंसिक प्रयोगशाला की जांच में असली पाया गया है।

JNU- India TV Hindi
JNU

दिल्ल: पुलिस ने शनिवार को दावा किया कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के नौ फरवरी के विवादास्पद कार्यक्रम का मूल वीडियो फुटेज सीबीआई की फोरेंसिक प्रयोगशाला की जांच में असली पाया गया है। इस कार्यक्रम के सिलसिले में जेएनयूएसयू अध्यक्ष कन्हैया कुमार एवं दो अन्य पर राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि एक हिंदी खबरिया चैनल को मिले इस कार्यक्रम का मूल वीडियो को कैमरा, मेमोरी कार्ड, क्लीप वाली सीडी, वायर एवं अन्य उपकरण के साथ यहां सीबीआई प्रयोगशाला को परीक्षण के लिए भेजा गया था। एक पुलिस सूत्र ने कहा, सीबीआई प्रयोगशाला ने आठ जून को दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा को एक रिपोर्ट भेजी और बताया कि मूल फुटेज असली था।

विशेष पुलिस आयुक्त (विशेष शाखा) अरविंद दीप ने रिपोर्ट मिलने की पुष्टि की है लेकिन उन्होंने उसका ब्योरा नहीं दिया। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने इस कार्यक्रम के चार वीडियो क्लिप गांधीनगर की केंद्रीय अपराधविज्ञान प्रयोगशाला को भेजे थे जिसने मई में अपनी रिपोर्ट में कहा था कि वे असली हैं।

हालांकि दिल्ली सरकार के आदेश पर जांच के लिए हैदराबाद की ट्रूथ लैब में भेजी गयी इस विवादास्पद कार्यक्रम की सात वीडियो क्लिपिंग में दो क्लिप के साथ छेड़छाड़ की बात सामने आयी थी जबकि अन्य क्लिप असली पाए गए थे। पुलिस ने हालांकि कहा कि उसे एक खबरिया चैनल से सीडी में मिले असली वीडियो फुटेज के आधार पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई न कि टीवी चैनलों पर प्रसारित क्लिपिंग के आधार पर।

प्राथमिकी में पुलिस ने दावा किया था कि वीडियो में जेएनयू छात्र उमर खालिद की अगुवाई में विद्यार्थियों का एक समूह भारत विरोधी नारे लगाते हुए नजर आ रहा है। इस समूह के 21 विद्यार्थियों के नाम इस मामले के कुछ दिन बाद दायर अंतरिम रिपोर्ट में जिक्र किए गए थे। कन्हैया, उमर खालिद और अनीरबान भट्टाचार्य फरवरी में गिरफ्तार किए गए थे और बाद में उन्हें जमानत मिली थी। दिल्ली पुलिस की आतंकवाद निरोधक इकाई विशेष शाखा अब इस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत