1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ALLAHABAD से PM मोदी: माया और मुलायम के बीच कॉन्ट्रैक्ट है

ALLAHABAD से PM मोदी: माया और मुलायम के बीच कॉन्ट्रैक्ट है

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 13, 2016 06:16 pm IST,  Updated : Jun 13, 2016 07:47 pm IST

इलाहाबाद में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अंतिम दिन लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों ने अद्भुत काम किया है।

Narendra Modi
- India TV Hindi
Narendra Modi

इलाहाबाद: इलाहाबाद में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अंतिम दिन लोगों को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों ने अद्भुत काम किया है। उन्होंने कहा कि मैं निषाद राज की धरती से आप सभी का पराक्रम याद दिलाना चाहता हूं। दोस्तों 30 साल के बाद हिंदुस्तान को पूर्ण बहुमत वाली सरकार मिली है उसका पूरा श्रेय मेरे उत्तर प्रदेश के भाइयों और बहनों को जाता है। जब-जब देश मुसीबत में रहा UP सबसे पहले आगे आया है।

नरेंद्र मोदी ने कहा, "आप लोगों को पता नहीं है कि आपने कितना अद्भुत काम किया है। भाइयों 30 साल के बाद हिंदुस्तान को पूर्ण बहुमत वाली सरकार मिली है। उसका पूरा श्रेय मेरे उत्तर प्रदेश के भाइयों को जाता है। हिंदुस्तान जब भी मुसीबत में रहा जब भी देश को तकलीफ हुई है उत्तर प्रदेश सबसे पहले आगे आया है। उत्तर प्रदेश ने जो दिया है उसे मेरे यूपी का भाई भी नहीं सोच सकता। वो सोचता है कि अरे मेरा काम था मैने कर दिया। जब स्थिर सरकार बनती है तो निर्णय लेने की क्षमता आती है। लोग सोचते हैं कि मोदी जी अमेरिका गए ऐसा हो गया, अफगानिस्तान गए ऐसा हो गया और स्विटजरलैंड गए ऐसा हो गया। भाइयों यह सब मोदी ने नहीं मेरे 125 करोड़ भारतीयों ने किया है।"

गंगा सिर्फ जल नहीं विचार धन है:

मोदी ने कहा, "भाइयों मां गंगा विचार देती है, यमुना कर्म का संदेश देती है और सरस्वती जो कभी नजर नहीं आती हैं वो ऐसी ही होती है जैसी श्रद्धा होती है। श्रद्धा कभी नजर नहीं आती है। उत्तर प्रदेश में हमें विकास का यज्ञ करना है। विकास का यज्ञ करना है तो हमें आहुति भी देनी पड़ती है। विकास का यज्ञ तब सफल होता है जब अहंकार, भाई भतीजावाद, संप्रदायवाद के जहर भ्रष्टाचार और अनैतिकता की आहुति देनी पड़ती है। भाइयों बताइए उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी, संप्रदायवाद और भ्रष्टाचार परेशान कर रहा है कि नहीं।"

मैं युवाओं की भलाई की बात करने आया हूं:

मोदी ने कहा, “मैं आपके पास एक मंत्र लेकर आया हूं, हम नहीं चाहते कि हमारे मां-बाप को जिस कठिनाई से जिंदगी गुजारनी पड़ी हमारे युवा भाइयों और आने वाली पीढ़ियों को ऐसी मजबूरियों से मजबूत न होना पड़ा। हर समस्या का समाधान है विकास। अगर विकास नहीं होगा तो नौजवान को रोजगार कहां से मिलेगा। भाइयों मैं आज निषादराज की धरती से नौजवानों सो भरोसा दिलाने आया हूं कि अगर आपको खुद में भरोसा है तो आपको आपके हक से पछताना नहीं होगा। दिल्ली सरकार ने एक निर्णय कर लिया है। आगे चलकर कुछ लोग हमारी बातें मानते नहीं है, लेकिन जनता जनार्दन का ऐसा दबाव आने वाला है कि उन सरकारों को भी बात माननी होगी। दोस्तों हमने निर्णय किया कि वर्ग तीन और चार की सरकारी नौकरी में इंटरव्यू का सिस्टम खत्म कर दिया जाएगा। पहले जिसका टेस्ट क्लियर हो जाता था वो इंटरव्यू का इंतजार करता था, तारीख आने पर वो किसी को ढूंढता था कि काम बन जाए फिर कोई बिचौलिया परेशान करता था, भाइयों हमने इस सिस्टम को खत्म कर दिया है। हमने सभी राज्यों से ऐसा करने को कहा है।”  

UP में कॉन्ट्रैक्ट चल रहा है:

पीएम मोदी ने कहा, "भाइयों यूपी में मजेदार कॉन्ट्रैक्ट चल रहा है। जब मायावती की सरकार थी, तब सपा काफी आरोप लगाती थी, अब सपा की सरकार इतने सालों में कुछ किया। जब मायावती जी आएंगी जो सपा वाले इल्जाम लगाएंगे। इनका आपस में कॉन्ट्रैक्ट है पांंच साल मेरी बारी, पांच साल तेरी बारी। भाइयों ये पांच पांच साल की लूट की ठेकेदारी बंद होनी चाहिए। भाइयों आपने मुझे यूपी से सांसद बनाया है, भाइयों मुझे एक बार मौका दीजिए। हमें उत्तर प्रदेश को गुंडागर्दी और भाई-भतीजावाद से बचाना है। भाइयों आपका सांसद होने के नाते मैं आपसे कहना चाहता हूं कि जो काम पचास साल में नहीं हुआ होगा मैं वह काम पांच साल में करने की कोशिश करूंगा। देश के जिस भी राज्य में भाजपा की सरकार है, गोवा, महाराष्ट्र, राजस्थान, झारखंड, गुजरात और मध्यप्रदेश हमें जहां जहां मौका मिला है हमने काम करके दिखाया है और वह राज्य आगे चल रहा है।" 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत