मध्यप्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को कुछ घंटो के लिए मध्य प्रदेश जा रहे हैं। वह आजाद की जन्मस्थली भाभरा(अलीराजपुर) में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने पर केंद्रित '70 साल आजादी-याद करो कुर्बानी' अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही वह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अमर शहीद की जन्मस्थली पहुंचने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री बन जायेंगे।
यहां पर पीएम मोदी करीब 12 बजे दिल्ली से इंदौर पहुंचेंगे। जहां पर वह बोजन करेंगें। इसके बाद अलीराजपुर के लिए रवाना होगे। जहां पर वह एक क रैली को संबोधित करेंगे। साथ ही एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगें।
इंदौर संभाग के आयुक्त (राजस्व) संजय दुबे ने इस तथ्य की पुष्टि करते हुए बताया, 'देश को वर्ष 1947 में स्वतंत्रता मिलने के बाद से अब तक कोई भी प्रधानमंत्री भाबरा में आजाद जन्मस्थली नहीं पहुंचा है। मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री होंगे, जो वहां पहुंचेंगे।' उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के एक दिवसीय दौरे के मद्देनजर भाबरा में व्यापक इंतजाम किये गये हैं जिनमें अलग-अलग चक्रों में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था शामिल है।
दुबे ने यह भी बताया कि आजाद की जन्मस्थली में श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद मोदी भाबरा से करीब 10 किलोमीटर दूर झोतराड़ा गांव पहुंचेंगे और वहां एक सभा को संबोधित करेंगे।
प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार ने अमर शहीद के सम्मान में भाबरा का नाम बदलकर 'चंद्रशेखर आजाद नगर' कर दिया था। इसके साथ ही, इस कस्बे के जिस मकान में 23 जुलाई 1906 को आजाद का जन्म हुआ था, उसे स्मारक के रूप में विकसित कर 'आजाद स्मृति मंदिर' का नाम दिया था। इस स्मारक में छोटा-सा संग्रहालय भी है जिसमें आजाद के जीवन की चित्रमय झलकियां पेश की गई हैं।