नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम पर कार्रवाई के लिए पाकिस्तान पर अंतर्राष्ट्रीय दबाव बनाने की जरूरत है। नरेंद्र मोदी सरकार के दो साल पूरा होने के मौके पर एक टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में राजनाथ ने कहा, "अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पाकिस्तान पर अंतर्राष्ट्रीय दबाव बनाया जाना चाहिए।"
पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने पठानकोट में वायुसेना अड्डे पर हमला कर दिया था, जिसमें सात सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे। बाटला हाउस मुठभेड़ का मुद्दा उठाने के लिए कांग्रेस पर हमला करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा, "बाटला हाउस पर राजनीति बंद होनी चाहिए।" उन्होंने विपक्ष के इस दावे को खारिज किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) एक सुपर पीएमओ है।
मंत्री ने कहा, "सुपर पीएमओ के आरोप निराधार हैं, क्योंकि सारे फैसले कैबिनेट की बैठक के बाद लिए जाते हैं।" राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ख्याति में कोई कमी नहीं आई है और हाल में पांच राज्यों में हुए चुनावों के दौरान यह स्पष्ट तौर पर दिखा। भाजपा ने पहली बार पूर्वोत्तर राज्य असम में जीत दर्ज की है।