कोलकाता: ढाका के रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के एक सदस्य को ISIS के आतंकवादियों से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद वहां के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर हालात की जानकारी दी।
रामकृष्ण मिशन के एक साधु ने कहा, हमारे महासचिव ने दोनों को पत्र लिखकर मामले पर ध्यान देने को कहा है। हमने उन्हें ढाका में जो हुआ, उसकी जानकारी दी। यहां बेलूर के पास रामकृष्ण मिशन का मुख्यालय है।
उन्होंने कहा कि दोनों ने मामले को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की और हरसंभव मदद की पेशकश की।
Also read: ओरलैंडो हमले में 'हीरो' बनकर उभरे भारतीय मूल के इमरान
ढाका के रामकृष्ण मिशन के साथ सीधा संपर्क बनाए हुआ है
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने बांग्लादेश पुलिस और विदेश मंत्रालय, दोनों से संपर्क किया और रामकृष्ण मिशन के इस कर्मचारी को पूरा सहयोग व संरक्षण देने का आश्वासन दिया है।
स्वरूप ने कहा, "हम भी ढाका के रामकृष्ण मिशन के साथ सीधा संपर्क बनाए हुए हैं।" उन्होंने कहा कि बांग्लादेश सरकार ने भारतीय आध्यात्मिक आंदोलन के कार्यालय रामकृष्ण मिशन के आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ा दी है। एक दिन पहले रामकृष्ण मिशन के एक पुजारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि आईएस की बांग्लादेश शाखा ने एक पत्र भेजकर जान से मारने की धमकी दी थी।
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश सरकार ने देशभर में अल्पसंख्यक नेताओं को निशाने पर लेकर हत्या किए जाने के बाद से आतंकवादियों के खिलाफ देशव्यापी कार्रवाई शुरू कर दी है। हाल में एक हिंदू मठ के स्वयंसेवी नित्यरंजन पांडेय की हत्या कर दी गई थी। पांडेय बांग्लादेश के राजशाही क्षेत्र में पाबना सदर स्थित श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र सत्संग आश्रम से जुड़े थे।