बीकानेर: सर्जिकल स्ट्राइक के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गई है। सेना को हाई अलर्ट के बाद सीमावर्ती क्षेत्र के चारों जिलों में सेना के जवानों के साथ ही पुलिस की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में विशेष सतर्कता और निगरानी रखी जा रही है। सैन्य सूत्रों के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने इन दिनों गश्त भी बढ़ाई है। सरहद की 1037 किलोमीटर लंबी भारत-पाक सीमा पर 290 ये ज्यादा चौकियां और 290 से ज्यादा सीमा चौकियां बीपीओ है। एक चौकी से सीमा के 3 से 4 किलोमीटर क्षेत्र पर निगाह रखी जा रही है।
देश-दुनिया की ताजा खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
जिला मैजिस्ट्रेट वेदप्रकाश ने जिले में अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत खाजूवाला और श्रीकोलायत के विकास अधिकारी व पटवारियों को मुख्यालय पर रहने के निर्देश जारी किए है जिसमें उन्होंने बिना आईडी के सिम बेचने पर या प्री ऐक्टीवेटेड सिम की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कहा है। यह आदेश आगामी दो माह तक के लिए प्रभाव में रहेगा। आईजी बिपिन कुमार पांडे ने बताया कि पुलिस ने अस्थाई कण्ट्रोल रूम खाजूवाला सीओ ऑफिस को बनाया है। वहां पर 24 घंटे कोई भी व्यक्ति सीमावर्ती क्षेत्र किसी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में या अन्य प्रकार की कोई जानकारी दे सकता है। नाल एयरफोर्स स्टेशन पर भी सुरक्षा व्यवस्थाओं को बढ़ा दिया गया है, जिसमें पुलिस को भी शामिल किया गया है। संभाग के सीमावर्ती पुलिस थानों को हाई अलर्ट कर दिया है।
पुलिस थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध लोगों की आवाजाही पर नजर रखने के साथ साथ ही सीमा क्षेत्र में बसे ग्रामीणों के साथ संपर्क में रहने के आदेश दिए गए व रात में विशेष गश्त के लिए थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। सीमा सुरक्षा बल, पुलिस सहित अन्य खुफिया एजेंसियां इस इलाके में अनजान लोगों पर नजर रख रही हैं। वहीं शहरी क्षेत्र में सादा वस्त्रों में जवान भीड़भाड़ वाले इलाकों से लेकर होटलों एवं धर्मशालाओं आदि में आकर रुकने वाले लोगों पर नजर रखे हुए हैं। श्रीगंगानगर जिले से सटी सीमा के पास एलओसी से सटे गांव के रामकिशन शर्मा बताते हैं कि सरहद की तारबंदी यहां से सामने दिखाई देती है। पिछले 15 दिनों से दिन और रात यहां पर चौकसी बढ़ी है।