1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इस साल से शुरु हो जाएगा राम मंदिर का निर्माण: स्वामी

इस साल से शुरु हो जाएगा राम मंदिर का निर्माण: स्वामी

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 16, 2016 07:23 pm IST,  Updated : May 16, 2016 07:23 pm IST

सुब्रमण्यम स्वामी ने आज कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में अगले साल के अंत तक धारा 370 को हटा लिया जाएगा और इस साल के अंत से अयोध्या में राम मंदिर बनना शुरु हो जाएगा।

Subramanian Swamy
- India TV Hindi
Subramanian Swamy Image Source : PTI

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने आज कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में अगले साल के अंत तक धारा 370 को हटा लिया जाएगा और इस साल के अंत से अयोध्या में राम मंदिर बनना शुरु हो जाएगा। यह बात उन्होंने चर्चित मीडिया चैनल इंडिया टीवी के मेगा शो संवाद में ‘क्या मुसलमान भारत में खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं?’ विषय पर डिबेट के दौरान कही।

स्वामी ने यहां पर कहा कि भारत के मुसलमान दुनिया में किसी अन्य देश के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, “इस साल के अंत तक हम राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरु कर देंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि जुलाई में सुप्रीम कोर्ट में दिन प्रतिदिन की सुनवाई शुरु हो जाएगी और सर्वोच्च अदालत को अपना निर्णय सुनाने में एक महीने से ज्यादा का समय नहीं लगेगा। ओवैसी ने भी दिन प्रतिदिन की सुनवाई का समर्थन किया है।”  

इस डिबेट के दूसरे प्रतिभागी आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसल्मीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट मस्जिद के हक में फैसला सुनाती है तो अयोध्या की विवादित जमीन पर मस्जिद का निर्माण किया जाएगा।

कश्मीर के मुद्दे पर स्वामी से सवाल करते हुए ओवैसी ने कहा कि घाटी में कश्मीरी पंडितों की वापसी के लिए भाजपा सरकार ने बीते दो सालों में क्या किया है?

इस पर स्वामी ने कहा, “जहां तक घाटी में कश्मीरी पंडितों की वापसी की बात है तो पहले उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वो अपने घरों में सुनिश्चित रहेंगे। मैं आपसे (ओवैसी) आग्रह करता हूं कि आप घोषणा करें कि आप धारा 370 को हटाए जाने की वकालत करेंगे। अगर आप ऐसा करते हैं तो मैं कल ही कश्मीरी पंडितों को वहां पर भेज दूंगा।”

इस पर पलटवार करते हुए ओवैसी ने कहा कि भाजपा पीडीपी के साथ जम्मू कश्मीर की सत्ता को साझा कर रही है और उन्हें इस विषय पर विधानसभा में एक प्रस्ताव लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो साल से सत्ता में हैं आप मुझे आंकड़े बताइए कि कितने कश्मीरी पंडितों को अब तक वहां भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा, “आप कश्मीर में भी सत्ता को साझा कर रहे हैं।”

ओवैसी ने भाजपा नेता से कहा कि वो समय सीमा बताएं कि आखिर कब तक भारतीय संविधान की धारा 370 को हटा लिया जाएगा, जिसके कारण राज्य को स्वायतता और विशेष दर्जा मिला हुआ है। उन्होंने कहा, “मैने संविधान विशेषज्ञों से सुना है कि अगर आप कश्मीर को भारत के साथ बनाए रखना चाहते हैं तो धारा 370 जरूरी है। कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है।”    

इस पर जवाब देते हुए भाजपा नेता स्वामी ने कहा कि साल 2017 के आखिर तक हम धारा 370 को हटा लेंगे।

अगली स्लाइड में पढ़ें जम्मू एवं कश्मीर में भाजपा-पीडीपी गठबंधन पर क्या बोले ओवैसी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत