नई दिल्ली: देशभर में जारी भीषण गर्मी का कहर बढ़ता ही जा रहा है, हालात यहां तक खराब हो चुके हैं कि चढ़ता पारा और लू ने लोगों का घर से निकलना मुहाल कर रखा है। आज दिल्ली की सुबह भी गर्म रही। वहीं बुंदेलखंड में पारा 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। मौसमन विभाग ने मई के अंत तक लू के प्रकोप से थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई है। जानिए आज दिन भर में कैसा रहा गर्मी का हाल।
मई के अंत में कम होगा लू का प्रकोप
दिल्ली में एक और गरम सुबह के साथ सोमवार का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो वर्ष में इस सीजन का सामान्य तापमान है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, सुबह साढ़े आठ बजे न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और आर्द्रता का स्तर 36 प्रतिशत रहा। अधिकारी के अनुसार सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग 42 और 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले पांच दिनों में राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर एवं मध्य भारत के और हिस्सों में लू की दशा शुरू होने की आशंका है लेकिन महीने के आखिरी दिनों में लू का प्रकोप धीरे धीरे कम हो सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार पहले से ही राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना के हिस्सों में लू चल रही है।
हिमाचल में गर्मी का प्रकोप जारी
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को भी मौसम गर्म रहा। पूरे राज्य में दिन का तापमान ज्यादा रहा और साप्ताहांत से पहले इसमें कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "बारिश की कमी के कारण राज्य में तापमान अधिक रहा और 21 मई तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा।"
ऊना शहर 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा, जबकि सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और धर्मशाला में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ऊपर 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को शिमला का दिन का तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।बुंदेलखंड में पारा 47.2 पार, लोग हो रहे बीमार
बुंदेलखंड का हमीरपुर में सोमवार को तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। तीखी धूप और लू चलने से कई लोग बीमार हो गए। पेड़ों की पत्तियां मुरझा गई हैं, बड़ी तादाद में पक्षियों की मौते होने की भी खबर है। नगर के गली कूचे और भीड़भाड़ वाले बाजार में भी सन्नाटा देखा गया। न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बढ़ते तापमान से यमुना और बेतवा नदी अब इन दिनों नाले में तब्दील हो चुकी है। इन नदियों में पानी न के बराबर होने से लोग पैदल ही नदी पार करते देखे जा रहे हैं। यमुना नदी का स्वरूप इस कदर बिगड़ चुका है कि लोग नदी के पानी से आचमन करने से भी तौबा करते हैं।
गर्मी का कहर स्थानीय नदियों पर बरप रहा है। मौदहा क्षेत्र के तहत कभी बड़े भूभाग में बहने वाली चंद्रावल नदी सूख गई है, वहीं तेज धूप से केन नदी का पानी भी रसातल में पहुंच गया है। पिछले दो हफ्ते से पड़ रही जबरदस्त गर्मी ने हमीरपुर जनपद का जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। लोग पसीने से तरबतर रहते हैं। गर्मी से बेहाल प्यासे लोगों को मुफ्त पीने का पानी भी नसीब नहीं हो रहा है।