पटना: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के निर्माणाधीन मॉल की शिकायत केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से की है। मोदी ने आरोप लगाया है कि वन एवं पर्यावरण नियमों का उल्लंघन कर इस मॉल का निर्माण कराया जा रहा है। मोदी ने गुरुवार को एक बयान जारी कर बताया कि नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के संयुक्त सचिव को ज्ञापन देकर पिछले एक साल से पर्यावरण नियमों का उल्लंघन कर लालू प्रसाद के पुत्र द्वारा निर्माण कराए जा रहे बिहार के सबसे बड़े मॉल की शिकायत की है।
उन्होंने बताया कि ज्ञापन में कहा गया है कि बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बड़े भाई तेजप्रताप यादव के वन मंत्री होने के कारण राज्य सरकार प्राथमिकी दर्ज करवाकर निर्माण कार्य रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए मांग की है कि राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकार (सीया) प्राथमिकी दर्ज कर निर्माण रोकने में विफल रहा है। ऐसे में केंद्रीय प्राधिकार हस्तक्षेप की कार्रवाई करे।
उन्होंने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि 750 करोड़ रुपये की लागत से 7.66 लाख वर्गफुट के विशाल मॉल के निर्माण की अनुमति राज्य प्राधिकार से नहीं ली गई है। नियमानुसार दो लाख वर्गफुट से अधिक के निर्माण के लिए पर्यावरण क्लीयरेंस लेना अनिवार्य है।