नई दिल्ली: दिल्ली में शाहदरा के फर्श बाजार में जब 15 वर्षीय एक किशोर ने उस पर पानी के बैलून नहीं फेंकने को कहा तब युवकों के एक समूह ने उस पर कांच के टुकड़ों से हमला कर उसे घायल कर दिया।
पुलिस ने रविवार को बताया कि यह किशोर शनिवार शाम करीब सवा 6 बजे स्कूटर से अपने दोस्त के साथ ट्यूशन क्लास से लौट रहा था। उसी बीच कुछ युवकों ने उस पर बैलून फेंका। जब उसने विरोध किया और उन्हें गालियां दीं तब उन्होंने उस पर पास में ही पड़ी टूटी बोतलों एवं टूटे कांचों से हमला किया। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले युवकों ने उसके दोस्त को स्कूटर से गिराने की कोशिश की, और जब किशोर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो युवकों ने उसपर हमला कर दिया।
किशोर के परिजनों ने बताया कि वह बोर्ड एग्जाम की तैयारी कर रहा था और उसने इस साल त्यौहार नहीं मनाने का फैसला किया था। पीड़ित किशोर के पिता का हाल ही में देहांत हुआ था और वह फर्श बाजार इलाके के पास स्थित एक कॉलोनी में अपने चाचा के पास रहता है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवकों के विरूद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और उन्हें पकड़ लिया गया है।