श्रीनगर: पाक अधिकृत कश्मीर में भारतीय सेना की ओर से किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से आतंकी बड़े हमले को अंजाम देने की फिराक में है। इसके लिए एलओसी से घुसपैठ की कोशिशें तेज हो गई हैं। सेना ने आज जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की तीन कोशिशें नाकाम कर दीं और एक आतंकवादी को मार गिराया। घुसपैठ की ये कोशिशें पाकिस्तानी सैनिकों की मदद से की गई थीं।
देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि सेना ने गुरुवार तड़के नौगाम सेक्टर में घुसपैठ की एक कोशिश नाकाम करते हुए एक आतंकवादी को ढेर कर दिया। अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान मारे गये आतंकवादी का शव बरामद किया गया।
इससे पहले सेना ने कहा था कि रात के दौरान जम्मू कश्मीर के नौगाम और रामपुर सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की तीन कोशिशें नाकाम की गयीं। उन्होंने कहा कि घुसपैठ की दो कोशिशों को नौगाम सेक्टर में और एक कोशिश को रामपुर सेक्टर में नाकाम किया गया। अधिकारी ने कहा कि घुसपैठ की कोशिशें पाकिस्तानी सैनिकों की मदद से की गई थीं।