नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच व्याप्त तनाव के चलते इस बार भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला आज पाकिस्तान की मौजूदगी के बिना ही शुरू हो गया। कुछ अधिकारी इसे एक अनोखी घटना बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुरूआत में पड़ोसी मुल्क की 126 कंपनियों ने यहां आने में रूचि दिखाई थी लेकिन बाद में वे पीछे हट गईं।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
भारत व्यापार संवर्द्धन संगठन के एक अधिकारी ने कहा, यह शायद पहली मर्तबा है कि व्यापार मेले में पाकिस्तान का कोई भी स्टॉल नहीं है। यह संगठन ही व्यापार मेले का आयोजन करता है। उन्होंने कहा कि 36वें व्यापार मेले में भाग लेने के लिए 126 पाकिस्तानी कंपनियों ने आवेदन किया था लेकिन बाद में औपचारिकताएं पूरी करने में कम समय रहने की वजह से वे पीछे हट गईं।
गौरतलब है कि दिल्ली के प्रगति मैदान में आज से शुरू हुआ व्यापार मेला 27 नवंबर तक चलेगा। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का उद्घाटन किया। इस वार्षिक मेले में इस बार 27 देशों की 150 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं। इस वर्ष मेले का मुख्य विषय डिजिटल इंडिया है।