1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UGC: फिर संशोधित किए API मानदंड

UGC: फिर संशोधित किए API मानदंड

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 15, 2016 11:43 pm IST,  Updated : Jun 15, 2016 11:43 pm IST

शैक्षणिक प्रदर्शन सूचकांक (API) स्कोर मानदंड में किए गए बदलावों के खिलाफ प्रदर्शनकारी कॉलेज शिक्षकों की मांगों के आगे झुकते हुए UGC ने आज प्रत्यक्ष शिक्षण समयावधि कार्यभार को बहाल कर दिया।

ugc- India TV Hindi
ugc

नई दिल्ली: शैक्षणिक प्रदर्शन सूचकांक (API) स्कोर मानदंड में किए गए बदलावों के खिलाफ प्रदर्शनकारी कॉलेज शिक्षकों की मांगों के आगे झुकते हुए UGC ने आज प्रत्यक्ष शिक्षण समयावधि कार्यभार (डायरेक्ट टीचिंग ऑवर्स वर्कलोड) को बहाल कर दिया। उच्च शिक्षा सचिव वी एस ओबेरॉय ने पत्रकारों को बताया कि प्रत्यक्ष शिक्षण कार्यभार को सहायक प्रोफेसरों, असोसिएट प्रोफेसरों और प्रोफेसरों के लिए क्रमश: 16, 14, 14 घंटे बहाल कर दिया गया है। UGC के नियमों में जरूरी संशोधनों के जरिए यह किया गया।

उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि API और कार्यभार मानदंड के कारण शिक्षकों की छंटनी नहीं होगी। इनमें वे शिक्षक भी शामिल हैं जो एड-हॉक आधार पर पढ़ाते हैं। UGC के सदस्य के तौर पर भी सेवाएं दे रहे ओबेरॉय ने कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने भी UGC की इन सिफारिशों को मंजूरी देने का फैसला किया। आयोग की एक बैठक में आज इसे मंजूरी दी गई। UGC के अध्यक्ष वेद प्रकाश और सचिव जसपाल एस संधु भी संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थे।

ओबेराय ने कहा कि यह फैसला हुआ है कि सीधे शिक्षण घंटों में लेक्चर और परियोजना निगरानी के अलावा पाठन, प्रयोग, क्षेत्र कार्य शामिल होगा। उन्होंने कहा, प्रोफेसर और शिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन (मेंटरिंग) को भी सीधे शिक्षण स्कोर की गणना के वक्त देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए छात्रों की प्रतिक्रिया का प्रावधान अब भी जारी रहेगा। UGC ने हाल में API मानदंड में बदलाव किया था जिसका शिक्षक संघों से निरंतर विरोध किया था क्योंकि उन्हें डर था कि इससे उनकी नौकरी जा सकती है और उन्होंने कहा था कि यह शिक्षण अनुकूल नहीं है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत