1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UP के राज्यपाल राम नाइक सूबे की कानून-व्यवस्था से चिंतित

UP के राज्यपाल राम नाइक सूबे की कानून-व्यवस्था से चिंतित

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 16, 2016 03:25 pm IST,  Updated : Jun 16, 2016 03:25 pm IST

मथुरा के जवाहर बाग कांड को अप्रत्याशित बताते हुए उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक ने गुरुवार को प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर फिर चिंता जताई।

ram naik- India TV Hindi
ram naik

कानपुर: मथुरा के जवाहर बाग कांड को अप्रत्याशित बताते हुए उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक ने गुरुवार को प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर फिर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मथुरा में दो पुलिस अफसरों और 25 अन्य लोगों का मारा जाना कानून व्यवस्था को लेकर चिंता का विषय है। इसे लेकर हमने सरकार से अपनी चिंता जाहिर की है ताकि उत्तर प्रदेश की जनता को सुरक्षित रहने का अधिकार मिल सके। राज्यपाल नाइक गुरुवार को कानपुर के बाल भवन में ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में भाग लेने आए थे।

उन्होंने इस समर कैंप में भाग लेने वाले बच्चों की तारीफ की और उन्हें पुरस्कार भी दिए। बाद में पत्रकारों से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पर मैं बोलता रहता हूं, मथुरा कांड में जो हुआ वह अप्रत्याशित था। दो पुलिस अधिकारियों और 25 अन्य लोगों की मौत कानून व्यवस्था की दृष्टि से गंभीर बात है। जब अदालत ने मथुरा में अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था तो समय पर न हटाने का परिणाम हमने देखा। अगर अदालत की बात पर समय से अमल कर लिया जाता तो शायद इस तरह की नौबत ही न आती। इस पर मैने मुख्यमंत्री से कहा कि वह खुद जाएं और मुझे अपनी रिपोर्ट दें। उन्होंने मुझे रिपोर्ट दी जिस पर मैने उनसे चर्चा की।

उन्होंने कहा कि यह बात सामने आई कि सरकारी जमीनों पर कब्जा हो रहा है। मथुरा जैसी घटना फिर न दोहराई जाएं इसके लिए मैने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर कहा है कि जहां जहां नगर निगम और नगर पालिका की जमीन है, इसकी जांच करायें और इस पर एक श्वेत पत्र लायें जिससे पता चले कि कहां कहां सरकारी जमीनों पर कब्जा हुआ है। इससे इस मामले की गंभीरता सामने आएगी।

राज्यपाल ने कहा कि मीडिया ने मेरा बुधवार का बयान देखा होगा जिसमें मैने मथुरा कांड, कैराना कांड, दादरी कांड और लखनऊ में लूट कांड का उल्लेख किया है। यह प्रदेश की कानून व्यवस्था का सवाल है इस पर सब गंभीर हो जाएं जिससे जनता को सुरक्षित रहने का अधिकार मिल सके।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत