मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में झाड़ियों में पड़ी दो बोरियों में एक महिला का आठ टुकड़ों में बंटा हुआ शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस को शक है कि महिला की कहीं और हत्या कर शव देर रात यहां लाकर फेंका गया है।
जानकारी के मुताबिक, ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के आमना मस्जिद के पास स्थित सिटी गार्डन में सुबह की सैर पर निकले लोगों ने झाड़ियों में खून से सनी दो बोरियां पड़ी हुई देखीं। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरियों को खोला तो बोरियों में एक महिला का आठ टुकड़ों में बंटा हुआ शव मिला।
पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन आसपास के लोगों ने शव को पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव के टुकड़ों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग चालीस वर्ष के आसपास होगी। मृतका के शरीर पर बादामी रंग का सूट सलवार और कार्डिगन था। पुलिस का कहना है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद देर रात शव को यहां लाकर फेंका गया है।
फिलहाल पुलिस महिला की शिनाख्त कराने में जुटी है।