1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस के बयान पर आक्रामक BJP, स्मृति ईरानी ने कही ये बातें

अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस के बयान पर आक्रामक BJP, स्मृति ईरानी ने कही ये बातें

 Reported By: Devendra Parashar, Edited By: Swayam Prakash
 Published : Feb 17, 2023 01:06 pm IST,  Updated : Feb 17, 2023 01:41 pm IST

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि जॉर्ज सोरोस ने अपनी दुर्भावना को जाहिर किया है कि कैसे वो भारत के लोकतांत्रिक प्रक्रिया को डैमेज करना चाहता है।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी- India TV Hindi
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी Image Source : ANI

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि अंतरराष्ट्रीय कारोबारी जॉर्ज सोरोस ने अपनी दुर्भावना को जाहिर किया है कि कैसे वो भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को डैमेज करना चाहते हैं। ईरानी ने कहा कि एक विदेशी ताकत, जिसके केंद्र बिंदु में जॉर्ज सोरोस हैं, उन्होंने ऐलान किया है कि हिंदुस्तान के लोकतांत्रिक ढांचे को चोट पहुंचाएंगे, पीएम मोदी को अपने वार का मुख्य बिंदु बनाएंगे। उन्होंने ऐलान किया है कि वो ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जो उनके हितों की रक्षा करे।

"सोरोस ने किया लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त करने का ऐलान"

केंद्रीय मंत्री ईरानी ने कहा कि जॉर्ज सोरोस का ऐलान है कि मोदी को चोट पहुंचाएंगे और लोकतांत्रिक प्रकिया को ध्वस्त करेंगे। हर हिंदुस्तानी को उसका मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। स्मृति ईरानी ने कहा कि आज जब अमेरिका, फ्रांस, इंग्लैंड के राष्टाध्यक्ष  आभार प्रकट करते हैं, भारत विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बना है, ऐसे समय में जॉर्ज सोरोस का लोकतांत्रिक तरीके से चुनी सरकार को चुनौती देने का ऐलान करते हैं। वो सत्ता परिवर्तन की बात करते हैं। ईरानी ने कहा कि उन्होंने हिंदुस्तान की लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त करने का ऐलान किया है। 

"मोदी को टारगेट करने के लिए की फंडिंग"
ईरानी ने कहा कि जिस व्यक्ति ने बैंक ऑफ़ इंग्लैंड को तोड़ा और राष्ट्र द्वारा आर्थिक युद्ध अपराधी के रूप में नामित किया गया, उसने अब भारतीय लोकतंत्र को तोड़ने की इच्छा व्यक्त की है। जॉर्ज सोरोस ने भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में हस्तक्षेप करने के अपने बुरे इरादे की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि जॉर्ज सोरोस एक ऐसी सरकार चाहते हैं जो उनकी आवश्यकताओं के अनुकूल हो, ये उनके बयान से स्पष्ट है। उन्होंने पीएम मोदी जैसे नेताओं को टारगेट करने के लिए एक अरब डॉलर से अधिक की फंडिंग की घोषणा की है। हम हर 5 साल में एक लोकतांत्रिक सरकार चुनते हैं।

"जो लोग सोरोस को अनुकूल मानते हैं..."
स्मृति ईरानी ने कहा कि जो लोग सोरोस को अनुकूल मानते हैं उन्हें यह जानने की जरूरत है कि भारत ने साम्राज्यवादी डिजाइन को पहले भी हराया है और आगे भी हराएगा। भारत में लोकतंत्र कायम है और रहेगा। भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने के मंसूबों का पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की ताकत से होगा मुकाबला। उन्होने कहा कि जॉर्ज सोरोस द्वारा की गई घोषणाओं को समझने की आवश्यकता है। वह भारतीय लोकतंत्र को ध्वस्त करने के लिए ऐसी घोषणाएं करते हैं ताकि उसके चुने हुए लोग देश में सरकार चला सकें।

जॉर्ज सोरेस ने पीएम मोदी के बारे में कही थी ये बात

दरअसल, अमेरिकी अरबपति अंतरराष्ट्रीय कारोबारी जॉर्ज सोरोस ने हाल ही में अडानी मुद्दे पर पीएम मोदी पर निशाना साधा था। सोरोस ने कहा था, मोदी इस मुद्दे पर शांत हैं, लेकिन उन्हें विदेशी निवेशकों और संसद में सवालों के जवाब देने होंगे। सोरोस म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा था कि यह भारत की संघीय सरकार पर मोदी की पकड़ को काफी कमजोर कर देगा और बहुत जरूरी संस्थागत सुधारों को आगे बढ़ाने के दरवाजा खोल देगा। उन्होंने कहा था, मुझे उम्मीद है कि भारत में एक लोकतांत्रिक परिवर्तन होगा।

ये भी पढ़ें-

भिवानी कांड: जुनैद-नासिर को जिंदा जलाने का जिसपर आरोप, खुद इंडिया टीवी पर बताई हकीकत

महाराष्ट्र सियासी संकट पर उद्धव गुट को सुप्रीम कोर्ट से झटका, सीएम शिंदे ने कही ये बात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत