1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अमित शाह आज ओडिशा में सीएए के समर्थन में रैली को करेंगे संबोधित

अमित शाह आज ओडिशा में सीएए के समर्थन में रैली को करेंगे संबोधित

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 28, 2020 09:18 am IST,  Updated : Feb 28, 2020 09:18 am IST

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज जनता मैदान में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में हो रही रैली को संबोधित करेंगे। 

अमित शाह आज ओडिशा में सीएए के समर्थन में रैली को करेंगे संबोधित- India TV Hindi
अमित शाह आज ओडिशा में सीएए के समर्थन में रैली को करेंगे संबोधित

भुवनेश्वर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज जनता मैदान में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में हो रही रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली ऐसे समय में हो रही है जब इस विवादास्पद कानून को लेकर दिल्ली में सांप्रदायिक हिंसा में 38 लोगों की मौत हो चुकी है। शाह पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (ईजेडसी) की एक बैठक की अध्यक्षता करने के बाद रैली में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में ममता बनर्जी समेत चार राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे। बनर्जी सीएए, राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी), राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) की आलोचक रही हैं। 

Related Stories

हालांकि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और बिहार के उनके समकक्ष नीतीश कुमार ने सीएए का समर्थन किया है लेकिन दोनों ने ही यह स्पष्ट कर दिया है कि वह एनआरसी के खिलाफ हैं। राज्य के भाजपा अध्यक्ष समीर मोहंती ने कहा कि शाह की यह रैली पार्टी द्वारा सीएए को लेकर देश भर में जागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा है। 

शाह की सीएए समर्थन रैली से पहले मोहंती ने कई ऐसे अभियान वाहनों को रवाना किया जिसका मकसद लोगों को इस रैली के बारे में जानकारी देना है। राज्य में भाजपा के प्रवक्ता गोलक मोहपात्रा ने कहा कि कांग्रेस और अन्य राजनीतिक पार्टियां लोगों को इस कानून को लेकर भ्रमित कर रही हैं और शुक्रवार की रैली का मकसद यह स्पष्ट करना है कि यह कानून राष्ट्र के हित में है। 

हालांकि कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने इस रैली की निंदा की है और कहा है कि सीएए को सकारात्मक बताने से पहले शाह को पहले दिल्ली में शांति बहाल करना चाहिए। कांग्रेस विधायक सुरेश रौत्री ने कहा कि ऐसे समय में जब राष्ट्रीय राजधानी में सीएए को लेकर हिंसा हो रही है तो शाह को दिल्ली में शांति सुनिश्चित करनी चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत