1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक में सत्ता को लेकर ‘नाटक’ जारी, विधानसभा अध्यक्ष बोले- किसी विधायक ने मुझसे सुरक्षा नहीं मांगी है

कर्नाटक में सत्ता को लेकर ‘नाटक’ जारी, विधानसभा अध्यक्ष बोले- किसी विधायक ने मुझसे सुरक्षा नहीं मांगी है

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 19, 2019 08:16 pm IST,  Updated : Jul 19, 2019 08:16 pm IST

कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष के आर रमेश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि किसी विधायक ने उनसे सुरक्षा की मांग नहीं की है।

Speaker Ramesh Kumar- India TV Hindi
विधानसभा अध्यक्ष बोले- किसी विधायक ने मुझसे सुरक्षा नहीं मांगी है Image Source : PTI

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष के आर रमेश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि किसी विधायक ने उनसे सुरक्षा की मांग नहीं की है। उन्होंने कांग्रेस के इन आरोपों के बीच यह बात कही कि सरकार को गिराने के लिए बागी विधायकों को बंधक बनाया गया है।

विधानसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एच के पाटिल ने विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि शहर के बाहर रोककर रखे गये विधायक सत्र में भाग ले सकें, इसके लिए सुगम माहौल बनाया जाए। कुमार ने कहा, ‘‘किसी ने सुरक्षा की मांग नहीं की है। ना ही उनके परिवार वाले आए हैं। इसलिए मुद्दा यहीं समाप्त होता है।’’ 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार ने कहा कि वह मुंबई गये थे जहां बागी विधायकों को रखा गया है और उनकी सूचना के मुताबिक उन्हें बंधक बनाकर रखा गया है। सदन में आज विश्वास प्रस्ताव पर मतदान के लिए राज्यपाल की दी हुई दोपहर डेढ़ बजे की समयसीमा के अंदर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और इसे लेकर भी सदन में चर्चा हुई। अध्यक्ष ने कहा, ‘‘बहुत चर्चा हो चुकी है। मैं इसे आज समाप्त करना चाहता हूं।’’

मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘मैंने पहले ही बात रख दी हैं। हम प्रक्रिया सोमवार को समाप्त कर सकते हैं।’’ भाजपा नेता सुरेश कुमार ने कहा कि अगर प्रक्रिया को और खींचा गया तो विश्वास मत की शुचिता समाप्त हो जाएगी। उन्होंने आज ही प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह कुछ समय बाद व्यवस्था देंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत