आजकल की अनियमित लाइफस्टाइल और खराब खानपान का असर हमारे बालों पर भी देखने को मिलता है। बहुत ज़्यादा तनाव, प्रदुषण और ख़राब डाइट बालों की नेचुरल चमक को छीन लेती है। ऐसे में बाल बहुत ज़्यादा फ्रिजी और बेजान नज़र आते हैं। अगर आपके बाल भी बहुत ज़्यादा फ्रिज़ी और डल हैं तो उसे मुलायम बनाने के लिए कॉर्न फ्लोर का इस्तेमाल कर सकते हैं। चलिए जानते हैं कॉर्न फ्लोर का मास्क बालों के लिए कैसे फायदेमंद है और इसका इस्तेमाल कैसे करें?
कॉर्न फ्लोर का मास्क बालों के लिए है क्यों फायदेमंद?
अलसी के बीज की तरह कॉर्न फ्लोर भी बालों की नेचुरल चमक लौटाने में बेहद फायदेमंद है। बालों की खोई हुई चमक को लौटाने का यह एक प्राकृतिक और बेहद शानदार तरीका है। कॉर्न फ्लोर हेयर मास्क आपके बालों को बिना किसी केमिकल के स्ट्रेट करने, नमी देने और गहराई से पोषण पहुंचाने में मदद करता है। यह स्कैल्प से एक्स्ट्रा ऑयल को सोख लेता है, जिससे बाल चिपचिपे नहीं लगते और उन्हें वॉल्यूम मिलता है।
कैसे बनाएं हेयर मास्क?
यह हेयर मास्क बनाने के लिए सबसे पहले दो कप पानी लें और उसे गैस पर रखें। अब गैस ऑन कर पानी में चार चम्मच कॉर्न फ्लोर डालें। कॉर्न फ्लोर को पानी में अच्छी तरह से मिलाएं ताकि उसमें कोई लम्पस न पड़ें। अब इस पानी को धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट तक उबालें। जब पानी की कंसिस्टेंसी एकदम गाढ़ी हो जाए तब गैस बंद कर दें। आपका हेयर मास्क बनकर तैयार है। जब यह हल्का ठंडा हो जाए तब इसमें आधा चम्मच नारियल का तेल और आधा चम्मच कंडीशनर मिलाएं। अब इस मास्क को अपने बालों के सिरों पर लगाएं।
क्या है इस्तेमाल का तरीका?
सबसे पहले अपने बालों को शैंपू से धोएं। अब उसके बाद स्कैल्प छोड़कर इस मास्क को अपने बालों के रेशे यानि की लंबाई पर लगाएं। अब इस मास्क को बालों पर बीस मिनट से लेकर आधा घंटा तक लगे रहें दें। तय समय के बाद, बालों को सादे पानी से अच्छी तरह धोएं। शैम्पू करने की ज़रूरत नहीं है। लेकिन सादे पानी से खूब अच्छी तरह से धोएं। इस तरह आपके बालों को नेचुरल चमक मिल जाएगी।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।