बालों का झड़ना, रूखापन, दोमुंहे बाल और डैंड्रफ आम समस्याएं बन गई हैं। लोग इनसे छुटकारा पाने के लिए महंगे शैंपू और ट्रीटमेंट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन फिर भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता। प्रदूषण, तनाव, अनहेल्दी खाने की आदतें और केमिकल वाले प्रोडक्ट बालों को अंदर से कमजोर कर देते हैं। ऐसे में बालों को मुलायम और मजबूत बनाने के लिए आप दही का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें प्रोटीन, विटामिन और लैक्टिक एसिड होता है, जो न सिर्फ बालों को पोषण देता है बल्कि हेल्दी स्कैल्प बनाए रखने में भी मदद करता है। चलिए जानते हैं दही का इस्तेमाल करने से बालों को कौन से फायदे मिलते हैं और इस्तेमाल का सही तरीका?
बालों में दही लगाने से कौन से फायदे मिलते हैं?
-
स्कैल्प की सफाई: दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो स्कैल्प से गंदगी, पसीना और ज़्यादा तेल हटाने में मदद करता है। इससे पोर्स खुल जाते हैं और बालों की ग्रोथ बेहतर हो सकती है। साफ स्कैल्प बालों की जड़ों को भी मज़बूत बनाता है।
-
बालों को मज़बूत और घना बनाता है: दही में पाए जाने वाले प्रोटीन और विटामिन बालों की जड़ों को पोषण देते हैं। इससे बालों का टूटना कम हो सकता है और धीरे-धीरे बाल ज़्यादा मज़बूत और घने दिखने लगते हैं। यह कमज़ोर और बेजान बालों के लिए एक नैचुरल टॉनिक का काम करता है।
-
डैंड्रफ और खुजली से राहत दिलाता है: अगर आप लंबे समय से डैंड्रफ और स्कैल्प में खुजली की समस्या से परेशान हैं, तो दही आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण स्कैल्प की जलन को शांत करने और डैंड्रफ को कम करने में मदद करते हैं।
-
नैचुरल कंडीशनर का काम करता है: बालों में दही लगाने से उनकी नैचुरल नमी बनी रहती है। इससे बाल मुलायम, चमकदार और कम उलझने वाले बनते हैं। नियमित इस्तेमाल से बालों का टेक्सचर बेहतर हो सकता है और वे ज़्यादा हेल्दी दिख सकते हैं।
बालों में दही लगाने का क्या है सही तरीका?
सबसे पहले, एक कटोरी में ताज़ा दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें। अगर चाहें, तो आप इसमें शहद, नींबू का रस, अंडा या केला मिलाकर एक हेयर पैक तैयार कर सकते हैं। अब, अपने बालों को गुनगुने पानी से गीला कर लें। तैयार मिश्रण को स्कैल्प से लेकर बालों की पूरी लंबाई तक अच्छी तरह लगाएँ। इसे अपने बालों पर 15 से 20 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद, अपने बालों को किसी हल्के शैम्पू से धो लें और साफ पानी से अच्छी तरह खंगाल लें।