1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. बारिश के मौसम में गेहूं, चावल हो रहे खराब, तो अपनाकर देखें ये आसान घरेलू उपाय

बारिश के मौसम में गेहूं, चावल हो रहे खराब, तो अपनाकर देखें ये आसान घरेलू उपाय

 Written By: Ritu Raj
 Published : Aug 04, 2026 05:38 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 05:39 pm IST

बारिश के मौसम में सीलन और कीड़े मकौड़ों की समस्या बढ़ जाती है। इस मौसम में अनाज भी जल्दी खराब होने लगते हैं। लेकिन कुछ असरदार घरेलू नुस्खे अपनाकर आप अनाज को बचा सकते हैं। आज ही अपनाकर देखें ये आसान घरेलू नुस्खे।

बारिश के मौसम में गेहूं, चावल हो रहे खराब, तो अपनाकर देखें ये आसान घरेलू उपाय- India TV Hindi
बारिश के मौसम में गेहूं, चावल हो रहे खराब, तो अपनाकर देखें ये आसान घरेलू उपाय Image Source : MAGNIFIC

बारिश के मौसम में हवा में नमी बहुत बढ़ जाती है। इसकी वजह से रसोई में रखे गेहूं और चावल में सूंडी, घुन या छोटे-छोटे कीड़े लगने लगते हैं। कई बार अनाज में फंगस लगने या बदबू आने का डर भी बना रहता है। ये बहुत कॉमन प्रॉब्लम है जिससे लगभग हर व्यक्ति परेशान रहता है। अगर आप भी बरसात के दिनों में अपने राशन को कीड़ों से बचाकर सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो इन आसान और असरदार घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं। 

1. नीम की सूखी पत्तियां

नीम को नेचुरल कीटनाशक माना जाता है। नीम की ताजी पत्तियों को पहले धूप या हवा में अच्छी तरह सुखा लें। इसके बाद इन्हें सूती कपड़े की छोटी-छोटी पोटलियों में बांधकर गेहूं या चावल के ड्रम में जगह-जगह रख दें। इसकी कड़वी गंध से कीड़े दूर रहते हैं।

2. सूखी लाल मिर्च और तेजपत्ता
तेजपत्ता और सूखी लाल मिर्च की तीखी गंध कीड़ों को अनाज के पास भटकने भी नहीं देती। चावल या गेहूं के डिब्बे में 5-6 सूखी लाल मिर्च और कुछ तेजपत्ते डाल दें। इस उपाय को अपनाकर आप अनाजों को कई महीनों तक सुरक्षित रख सकते हैं। 

3. साबुत लौंग
लौंग की तेज महक घुन और कीड़ों को दूर भगाने में बेहद कारगर होती है। इसके लिए 10-12 साबुत लौंग लेकर अनाज के बीच-बीच में दबा दें। अगर ड्रम बड़ा है, तो लौंग की मात्रा बढ़ा सकते हैं।

4. लौंग का तेल या सरसों का तेल
गेहूं को लंबे समय तक स्टोर करने के लिए सरसों का तेल एक पुराना और आजमाया हुआ नुस्खा माना गया है। इसके लिए गेहूं में थोड़ा सा सरसों का तेल मिलाकर अच्छे से मल लें और फिर सुखाकर स्टोर करें। चावल के लिए आप लौंग के तेल की कुछ बूंदें एक बॉटन बॉल्स में लगाकर डिब्बे में रख सकते हैं।

5. ढेले वाला नमक
नमी के कारण अनाज खराब होने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। ऐसे में नमक का इस्तेमाल नमी को कम करने के लिए आप कर सकते हैं। इसके लिए गेहूं या चावल की टंकी में खड़े नमक के कुछ छोटे-छोटे टुकड़े सूती कपड़े में लपेटकर रख दें। यह अनाज में मौजूद एक्स्ट्रा मॉइस्चर को सोख लेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल