1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. दशहरी आम से बनाएं 2 तरह के आमरस, रोटी के साथ खाएंगे तो खाने का मज़ा हो जाएगा दोगुना

दशहरी आम से बनाएं 2 तरह के आमरस, रोटी के साथ खाएंगे तो खाने का मज़ा हो जाएगा दोगुना

 Written By: Bharti Singh
 Published : Jun 18, 2024 12:04 pm IST,  Updated : Jun 18, 2024 12:04 pm IST

Aamras Recipe: कई बार सिर्फ रोटी सब्जी खाकर बोरियत आने लगती है। अगर आप थोड़ा स्वाद बदलना चाहते हैं तो खाने के साथ दशहरी आम से बना आमरस जरूर ट्राई करें। ये आपके लंच और डिनर के स्वाद को कई गुना बढ़ा देगा।

आमरस - India TV Hindi
आमरस Image Source : FREEPIK

गर्मी में आम का सीजन होता है। पहली बारिश के बाद मीठे और रसीले दशहरी आम भी आने लगते हैं। दशहरी आम का स्वाद ऐसा होता है कि सारे आम इसके सामने फीके लगने लगते हैं। इस सीजन में आम की आइसक्रीम, मैंगो शेक, मैंगो स्मूदी और आमरस बनाकर लोग पीते हैं। कई बार जब खाने में सिर्फ रोटी सब्जी हों तो साथ में आमरस जरूर ट्राई करें। ठंडा-ठंडा आमरस न सिर्फ खाने के स्वाद को कई गुना बढ़ाता है बल्कि इससे आप बिना सब्जी के रोटी भी खा सकते हैं। आज हम आपको 2 तरह से आमरस बनाना बता रहे हैं। आपको जिसका भी स्वाद पसंद हो बना सकते हैं।

आमरस कैसे बनाते हैं?

आमरस दशहरी आम का ही अच्छा लगता है। इसके लिए मीठे और अच्छे पके आम लें और उन्हें दबाते हुए पूरी पल्प निकाल लें। अब एक बाउल में चीनी को पानी डालकर घोल तैयार कर लें। इस बाउल में बिना छिलका और गुठली वाला आम का गूदा डालकर मिला दें। आप इसे सिर्फ हाथ से या फिर मथनी से मिक्स करें मिक्सी या ब्लैंडर से नहीं। इसे अपने हिसाब से मीठा और पतला-गाढ़ा बना सकते हैं। खाते वक्त इसमें आइस क्यूब्स डालें और ठंडे-ठंडे आमरस का मजा खाने के साथ लें।

दूध वाला आमरस कैसे बनाते हैं?

आम और दूध से सिर्फ मैंगोशेक ही नहीं बल्कि आमरस भी बनता है। इसके लिए आपको पानी और चीनी का घोल तैयार करना है। अब इसमें आम का पल्प निकालकर मिला लें। आपको इसके लिए दशहरी आम ही लेने हैं। अब इसमें 1 छोटा कप दूध मिला दें। इस आमरस को थोड़ा गाढ़ा ही बनाते हैं। अब इसमें 1 चुटकी काला नमक और 1 पिंच लाल मिर्च का पाउडर डाल दें। इस तरह तैयार आमरस को रोटी के साथ ऐसे भी खा सकते हैं।

टिप्स- आमरस बनाने के लिए मीठे दशहरी आम ही लें। इसे मिक्स करने के लिए मिक्सी का इस्तेमाल बिल्कुल न करें इससे मैंगोशेक जैसा स्वाद आएगा। आमरस में पिसी हुई चीनी आसानी से घुल जाती है। आप इसे खाने के साथ जरूर ट्राई करें। 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल