भारतीय खाने में चावल अहम भोजन में शामिल है। थाली में रोटी और चावल को कंप्लीट फूड माना जाता है। अगर चावल को अच्छी तरह से बनाया जाए तो खाने में स्वाद आता है और खुशबू पूरे घर में फैल जाती है। लेकिन कई बार लोगों की शिकायत होती है कि बासमती चावल में खुशबू नहीं आती। वैसे असली बासमती चावल खुशबूदार बनते हैं। लेकिन गलत तरीके से और जल्दबाजी में पके चावल में खुशबू कम आती है। आज हम आपको बासमती चावल बनाने की ऐसी ट्रिक बता रहे हैं जिससे आपके चावल का एक-एक दाना खिला हुआ बनेगा और इसका अरोमा पूरे घर में महकने लगेगा। जानिए चावल बनाने का सही तरीका क्या है?
बासमती चावल बनाने का सही तरीका
पहली ट्रिक- अगर आप बासमती चावल को खिला-खिला, लंबा और खुशबूदार बनाना चाहते हैं तो इसके लिए चावल कैसा है उससे कहीं ज्यादा चावल को कैसे पकाया गया है ये मायने रखता है। सबसे पहले चावल को 20–30 मिनट पानी में भिगो दें। पानी में भिगोकर बनाने से चावल अच्छी तरह से फूलते हैं और लंबे होते हैं। ऐसे चावल एक समान पकते हैं और उनकी खुशबू ज्यादा बेहतर आती है।
दूसरी ट्रिक- कुछ लोग चावल को बहुत रगड़-रगड़ कर धोते हैं। जबकि ऐसा नहीं करना चाहिए। पानी में भिगोने के बाद चावल को 1-2 बार बहुत हल्के हाथ से साफ पानी से धो लें। ज्यादा धोने से चावल की सुगंध और कुछ पोषक तत्व कम हो सकते हैं।
तीसरी ट्रिक- अब चावल को पकाने के लिए सही पानी की मात्रा होना जरूरी है। अगर आपने 1 कप चावल लिए हैं तो इसके लिए करीब लगभग 1.5 से 2 कप पानी जरूरी है। अगर चावल अच्छे भीगे हैं तो 1.5 कप पानी भी पर्याप्त होता है। ज्यादा पानी डालने से चावल चिपचिपे हो सकते हैं और खुशबू भी कम महसूस होती है।
चौथी ट्रिक- अब चावल की खुशबू बढ़ाने वाला सबसे जरूरी स्टेप है, कि चावल को पकाते वक्त उसमें 1-2 चम्मच घी का इस्तेमाल करें। अगर कुकर में चावल बना रहे हैं तो पहले 1-2 चम्मच घी डालकर उसमें चावल डालें। अगर आपको जीरा राइस पसंद हैं तो घी के साथ थोड़ा जीरा भी डाल दें। अब चावल को मीडियम फ्लेम पर 2 सीटी आने तक पकाएं।
पांचवीं ट्रिक- वैसे चावल को एकदम धीमी आंच पर पकाने से चावल के दाने टूटते नहीं और अच्छी तरह से भाप में फूलकर बड़े हो जाते हैं। धीमी आंच पर 1 सीटी आने तक चावल को पकाएं। कुकर को तुरंत खोलने की गलती न करें। जब भाप पूरी तरह से निकल जाए तो चावल को एक बार मिक्स कर दें। चावल में घी डालने से स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं।
छठी ट्रिक-अगर आप पुलाव या बिरियानी बना रहे हैं तो चावल को खुशबूदार बनाने के लिए तेजपत्ता, हरी इलायची, लौंग, दालचीनी, जीरा जैसे मसालों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे चावल की खुशबू पूरे घर में फैल जाएगी और चावल के दाने खिले-खिले बनेंगे।