1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बेसन, प्याज और करेले की सब्जी, इस तरह बनाएंगे तो बिल्कुल भी कड़वी नहीं लगेगी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

बेसन, प्याज और करेले की सब्जी, इस तरह बनाएंगे तो बिल्कुल भी कड़वी नहीं लगेगी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jun 13, 2026 12:11 pm IST,  Updated : Jun 25, 2026 01:20 pm IST

Besan Paaz Karela Recipe: क्या आपने कभी बेसन, प्याज और करेला की सब्जी खाई है। एक बार ऐसे बनाकर खाएंगे तो करेला बिल्कुल भी कड़वा नहीं लगेगा। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

बेसन प्याज करेला रेसिपी- India TV Hindi
बेसन प्याज करेला रेसिपी Image Source : INDIA TV

करेला की सब्जी को कई तरह से बनाया जा सकता है। ज्यादातर घरों में करेला की भुजिया या भरवां करेले ही बनते हैं। लेकिन आज हम आपको बेसन, प्याज और करेले की सब्जी की रेसिपी बता रहे हैं। ये सब्जी खाने में बहुत ही टेस्टी लगती है। एक बार इस तरह से करेले की सब्जी बनाएंगे तो कड़वी भी नहीं लगेगी। इसमें पड़ा प्याज और बेसन करेले की कड़वाहट को दूर कर देता है। जानिए कैसे बनाते हैं बेसन, प्याज और करेले की सब्जी की रेसिपी।

बेसन, प्याज और करेला की सब्जी रेसिपी 

पहला स्टेप- सबसे पहले आधा किलो ताजा कच्चे करेला ले लें। करेले को हल्का छीलकर लंबाई में बीच से कट लगा दें। अब करेला के मोटे और पके बीज निकालकर नमक लगाकर इन्हें आधा से एक घंटे के लिए छोड़ दें।

दूसरा स्टेप- दूसरी ओर करेला की सब्जी के लिए मसाला तैयार कर लें। इसमें 1 बड़ा चम्मच साबुत धनिया, आधा चम्मच जीरा और एक चम्मच सौंफ लें और इन्हें दरदरा कूट लें। 

तीसरा स्टेप- करेला का पानी निकाल दें और इन्हें दो बार धो लें। करेला को हाथ से निचोड़ दें इससे पानी निकल जाएगा। अब कड़ाही में सरसों का तेल डालें और तेल गर्म होने के बाद सारे करेला डाल दें। गैस को हाई मीडियम रखें और हल्का क्रिस्पी होने तक करेले को फ्राई करना है। सारे करेला निकाल लें।

चौथा स्टेप- अब बचे तेल में 1 बारीक चॉप किया प्याज डाल दें। इसमें 1 चम्मच लहसुन अदरक का पेस्ट डालकर भूनें। अब सूखे मसाले जैसे आधा टीस्पून हल्दी पाउडर, आधा टीस्पून लाल मिर्च पाउडर, नमक डालकर मसालों को मिला दें। आप चाहें तो 2 चम्मच पानी भी डाल सकते हैं। 

पांचवां स्टेप- अब 10-12 छोटी वाली प्याज जिन्हें बेबी अनियन कहते हैं वो ले लें। प्याज को छीलकर उसके बीच में हल्के हल्के कट लगा दें। प्याज को ग्रेवी में डालकर 2 मिनट तक भून लें। कुटा हुआ मसाला डालें और मिला दें। इसमें आधा कप पानी डालकर मिलाएं। एक उबाल आने के बाद आधा चम्मच गरम मसाला, आधा चम्मच कसूरी मेथी डाल दें।

छठा स्टेप- अब इसमें करेला भी डाल दें। सब्जी को मिलाकर 6-7 मिनट के लिए लो टू मीडियम फ्लेम पर पकाएं। एक पैन में 2 चम्मच बेसन लें और उसे बिना घी के भून लें। सब्जी को खोलकर एक बार मिक्स करें और इसमें 1 चम्मच आमचूर पाउडर और 1 चम्मच भुना बेसन डालकर मिलाएं। सब्जी को मिक्स करने के बाद 1 चम्मच बेसन और मिला दें। सब्जी को बेसन डालने के 2-3 मिनट के लिए और पकाएं। स्वादिष्ट बेसन प्याज और करेले की सब्जी बनकर तैयार है। एक बार ऐसे करेले बनाकर खाएंगे तो खाते ही जाएंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल