आम का सीजन आते ही बच्चों की डिमांड बढ़ जाती है। आम रस, आम का पन्ना, आम की आइसक्रीम, मैंगो शेक और मैंगो स्मूदी बच्चों को खूब पसंद आती हैं। आप घर में सिर्फ 2 आम से पूरे परिवार के लिए स्वादिष्ट मैंगो स्मूदी बना सकते हैं। ये पीने में इतनी टेस्टी लगती है कि 1-2 गिलास एक बार में पी जाओ। घर में मेहमान आने पर मैंगो स्मूदी बनाकर सर्व कर सकते हैं। सबसे खास बात कि इसे बिना चीनी के बना सकते हैं। मिठास के लिए सिर्फ थोड़ा शहद इस्तेमाल कर सकते हैं। तो फटाफट से नोट कर लें मैंगो स्मूदी रेसिपी।
मैंगो स्मूदी रेसिपी
पहला स्टेप- आपको इसके लिए 2 मीडियम साइज के आम लेने होंगे। आप कोई भी मीठा आम ले सकते हैं, हम रत्नागिरी हापुस आम का इस्तेमाल कर रहे हैं। आम को अच्छी तरह से धो लें और छील लें। आम को टुकड़ों में काट लें और मिक्सी में डाल दें।
दूसरा स्टेप- अब आधा लीटर गर्म दूध को ठंडा कर लें। आधा कप दूध डालकर आम को पीसकर पेस्ट बना लें। अगर आम में रेशे हैं तो उन्हें छाल लें। अब बचे दूध में से 4-5 चम्मच दूध निकाल लें और बाकी दूध को पैन में डालकर गर्म करते रहें। अब बचे दूध में 2 टेबल स्पून कस्टर्ड पाउडर डालें। इसे 4-5 मिनट पकाएं और गाढ़ा होने पर ठंडा होने के लिए रख दें।
तीसरा स्टेप- आपको करीब 3/4 कप साबूदाना पानी में भिगोकर रखना है। साबूदाने को 2-3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इससे साबूदाना फूल जाएगा। अब एक कड़ाही लें और उसमें पानी डाल दें। नीचे कोई स्टैंड या जाली रखें और ऊपर से साबूदाना को किसी गहरी प्लेट में फैलाकर स्टैंड पर पानी में रख दें। साबूदाना को भाप में करीब 10-15 मिनट के लिए पकाना है। कुछ ही देर में साबूदाना पारदर्शी हो जाएंगे।
चौथा स्टेप- अब रूम टेंपरेचर का पानी लें और उबले साबूदाना को ठंडे पानी में डालकर छोड़ दें। अब इसे छन्नी से छान लें और एकदम मोती जैसे साबूदाना निकल आएंगे। अब कस्टर्ड को चलाते हुए मिक्स कर लें। कस्टर्ड में पिसा हुआ आम डालें और मिक्स कर दें।
पांचवां स्टेप- 1 टेबल स्पून सब्जा सीड्स को 1 कप पानी में भिगोकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। सब्जा सीड्स को कस्टर्ड में मिला दें। अब इसमें उबला हुआ साबूदाना मिलाकर अच्छी तरह से सारी चीजों को मिक्स कर लें। अब मीठे स्वाद के लिए 1/4 कप शहद डाल दें। इसमें थोड़ी ताजा गुलाब की पत्तियां बारीक काटकर डाल दें। इसके साथ ही 1 आम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर डाल दें।
इसे ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें और फिर गिलास में डालकर सर्व करें। ऊपर से कटे आम के टुकड़े और गुलाब की पत्तियां डालकर सर्व करें।