1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. घर पर आसानी से बनाएं क्रिस्पी मूंग दाल के पकौड़े, स्नैक्स के लिए परफेक्ट रेसिपी

घर पर आसानी से बनाएं क्रिस्पी मूंग दाल के पकौड़े, स्नैक्स के लिए परफेक्ट रेसिपी

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : Jul 17, 2025 04:45 pm IST,  Updated : Jul 17, 2025 04:45 pm IST

बारिश के मौसम में अक्सर लोगों को पकौड़े खाने की क्रेविंग होने लगती है। क्या आपने कभी मूंग की दाल के पकौड़े खाए हैं? अगर नहीं, तो आपको इस बेहद आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।

मूंग दाल के पकौड़े- India TV Hindi
मूंग दाल के पकौड़े Image Source : INDIA TV

क्या आप भी मॉनसून में आलू या फिर प्याज या फिर हरी मिर्च के पकौड़े बनाकर खाते हैं? अगर आप इन पकौड़ों को खाते-खाते बोर हो गए हैं, तो कोई बात नहीं। आप मूंग की दाल के पकौड़े बनाकर देख सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मूंग की दाल के पकौड़े बनाने के लिए आपको एक कप धुली हुई मूंग की दाल, एक बारीक कटा हुआ प्याज, 2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ एक इंच अदरक का टुकड़ा, 2 स्पून बारीक कटा हुआ हरा धनिया, एक छोटी स्पून जीरा, 1/4 छोटी स्पून हींग, 1/4 छोटी स्पून हल्दी पाउडर, नमक और तेल की जरूरत पड़ेगी।

पहला स्टेप- मूंग की दाल को धोकर लगभग 2 घंटे के लिए पानी में भिगोकर छोड़ दीजिए। अगर आपके पास कम समय है, तो आप मूंग की दाल को एक घंटे के लिए गर्म पानी में भिगोकर भी छोड़ सकते हैं।

दूसरा स्टेप- मूंग की दाल के क्रिस्पी पकौड़े बनाने के लिए दाल को पानी से निकालकर मिक्सर में डालिए और फिर इसे दरदरा करके पीस लीजिए।

तीसरा स्टेप- एक कटोरे में पिसी हुई दाल के साथ बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, कद्दूकस की हुई अदरक, बारीक कटा हुआ हरा धनिया, नमक, जीरा, हल्दी पाउडर और हींग भी निकाल लीजिए।

चौथा स्टेप- आपको इन सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लेना है। अब मीडियम फ्लेम पर कड़ाही रखें और फिर इसमें तेल डालकर इसे गर्म कर लीजिए।

पांचवां स्टेप- मिक्सचर से छोटे-छोटे पकौड़े बनाएं और फिर गर्म तेल वाली कड़ाही में एक-एक करके डालते जाएं। आपको पकौड़ों को गोल्डन होने तक फ्राई करना है।

छठा स्टेप- एक प्लेट में नैपकिन निकालिए और फिर इन पकौड़ों को नैपकिन के ऊपर रखते जाइए।

आप मूंग की दाल के गर्मागर्म पकौड़ों को हरी चटनी, सॉस या फिर चाय के साथ सर्व कर सकते हैं। यकीन मानिए बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को मूंग की दाल के पकौड़ों का टेस्ट काफी ज्यादा पसंद आएगा। आपको भी बरसाती मौसम में कम से कम एक बार मूंग की दाल से बने इन पकौड़ों का लुत्फ जरूर उठाना चाहिए।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल