1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. जामुन का सिरका कैसे बनाते हैं, डायबिटीज में है बहुत कारगर, बड़ी आसान है रेसिपी

जामुन का सिरका कैसे बनाते हैं, डायबिटीज में है बहुत कारगर, बड़ी आसान है रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jul 23, 2026 02:27 pm IST,  Updated : Jul 23, 2026 02:27 pm IST

इन दिनों जामुन का सीजन है और आपको इस फल को डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। जामुन एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर है। इसे डायबिटीज में बहुत फायदेमंद माना जाता है। आप जामुन का सिरका आसानी से घर में बनाकर रख सकते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

जामुन का सिरका कैसे बनाएं- India TV Hindi
जामुन का सिरका कैसे बनाएं Image Source : INDIA TV

आयुर्वेद में जामुन को चमत्कारी फल माना जाता है। इसके पत्ते, जड़, तना, फल और गुठली का इस्तेमाल कई दवाओं में किया जाता है। डायबिटीज के मरीज के लिए जामुन बहुत फायदेमंद है। वैसे तो सीजन पर ऐसे ही जामुन को खा लेना चाहिए और बची हुई गुठलियों को फेंकने की बजाय सुखाकर उनका पाउडर बनाकर इस्तेमाल कर लेना चाहिए। लेकिन जामुन का जूस बनाकर या जामुन का सिरका बनाकर भी पी सकते हैं। जामुन का सिरका लंबे समय तक खराब नहीं होता है। इसे आसानी से घर में बनाकर स्टोर कर सकते हैं। आइये जानते हैं जामुन का सिरका बनाने की रेसिपी।

जामुन का सिरका बनाने की रेसिपी (Jamun Vinegar Recipe) 

पहला स्टेप- जामुन का सिरका बनाने के लिए करीब 1 किलो पके हुए जामुन ले लें और उन्हें अच्छी तरह से धोकर पानी निकाल दें। अब जामुन को किसी प्लेट में निकालकर उन्हें हाथों से अच्छी तरह से मसल लें। आप चाहें तो चाकू की मदद से जामुन की बीज निकाल लें और इसे मिक्सर ग्राइंडर में डालकर पीस लें।

दूसरा स्टेप- लेकिन जामुन को हाथ से दबाते हुए मसलने से जूस पतला बनता है और इससे सिरका भी अच्छा बनकर तैयार होता है। जामुन के बीज निकालने के बाद इसे हाथ से थोड़ा और मसल लें। जूस और गूदा अलग हो जाएगा। अब जामुन के पल्प को अच्छी तरह से निचोड़कर सारा जूस निकाल लें। बचे हुए पल्प और जामुन के बीज को सुखाकर इसका पाउडर बनाकर खा सकते हैं।

तीसरा स्टेप- अब जामुन के जूस को किसी छन्नी में डालकर अच्छी तरह से दबाते हुए छान लें। इससे जामुन का सारा रस निकल जाएगा। अब जामुन के जूस को किसी प्लास्टिक की बोतल में भर लें। कई बार कांच के जार में सिरका बनाते हुए जूस में गैस बन जाती है और बोतल टूट जाती है। इससे आपकी सारी मेहनत खराब हो सकती है। प्लास्टिक की बोतल को धोकर सुखाकर उसमें जामुन का जूस भर दें। 

चौथा स्टेप- अब बोतल को ऊपर से 1-2 इंच खाली छोड़ दें। ढक्कन बंद कर दें और खाली वाली जगह पर सेफ्टी पिन से 2-3 छेद कर दें। अब बोतल का कैप लगा दें और इसे 1 महीने के लिए छांव या धूप में रख दें। इसमें बलल जैसे बनने लगें तो समझ लें सिरका बनकर तैयार है। अब इस सिरका को किसी भी जगह पर स्टोर कर लें।

पांचवां स्टेप- इसे ऐसे ही पानी में मिलाकर पी सकते हैं। आप चाहें तो इसमें तड़का लगाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। इस सिरका को प्याज के साथ इस्तेमाल कर सकते हैं। जामुन का सिरका दूसरे सिरका से कहीं ज्यादा फायदेमंद होता है। आपको सीजन पर घर में ये सिरका जरूर बनाकर इस्तेमाल करना चाहिए।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल