सर्दियों में पालक को डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। इन दिनों हरी सब्जियां खूब मिल रही है। अभी बथुआ और मेथी थोड़ी सर्दी और बढ़ने पर ज्यादा अच्छी मिलती है, लेकिन पालक मार्केट में खूब बिक रहा है। पालक में आयरन और विटामिन बी 6 अच्छी मात्रा में पाया जाता है। रोजाना पालक को किसी न किसी तरह डाइट में जरूर शामिल करें। अगर आप पालक की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं तो पालक के पराठे बनाकर खा सकते हैं। खास बात ये है कि पालक के पराठे बनाने के लिए आपको न तो पालक काटना पड़ेगा और न ही पीसने की जरूरत होगी। आप आसानी से घर में पालक के टेस्टी पराठे बनाकर खा सकते हैं। फटाफट नोट कर लें पालक के पराठे की ये मजेदार रेसिपी।
पालक पराठा रेसिपी
पहला स्टेप- पालक के पराठे बनाने के लिए आपको करीब 250 ग्राम पालक लेना है। इतने पालक में 8-10 पराठे आसानी से बनकर तैयार हो जाएंगे। अब पालक की जड़ को हटा दें और अच्छी तरह से 3-4 बार पानी से धो लें। ध्यान रखें पालक में बिल्कुल भी मिट्टी नहीं होनी चाहिए। अब पालक को कुकर या किसी पैन में उबलने के लिए रख दें। पालक को बिना पानी के उबालना है। कुकर में सिर्फ 1 सीटी लगाने से ही पालक गल जाएगा।
दूसरा स्टेप- अब पालक को ठंडा होने दें और जो पानी पालक में आ जाए उसे किसी बर्तन में निकाल लें। पालक को आटा गूंथने वाली प्लेट या बाउल में डालें और किसी कटोरी या गिलास की मदद से मसल लें। पालक को मसलने से पराठे में ज्यादा अच्छा टेस्ट आएगा। अब पालक के हिसाब से गेहूं का आटा डालें और पालक को मिक्स करें। जरूरत पड़ने पर पालक का पानी इस्तेमाल करें। आटे में 1 बारीक कटी हरी मिर्च, नमक और जीरा डालें। इसमें 1 चम्मच अदरक और लहसुन का पेस्ट डालकर नरम आटा गूंथ लें।
तीसरा स्टेप-अब तवा गर्म करें और पालक के आटे से लोई लेकर तिकोने परत वाले पराठे बेलकर सेंक लें। पराठे को मीडियम फ्लेम पर करारा होने तक सेंक लें और फिर इसे टमाटर, हरा धनिया और हरी मिर्च की चटनी के साथ खाएं।
चौथा स्टेप- धनिया की चटनी बनाने के लिए हरा धनिया, हरी मिर्च, 2 टमाटर, जीरा, लहसुन और नमक डालकर मिक्स कर लें। अगर घर में सिल है तो अच्छा होगा कि सिल बट्टे वाली चटनी बनाकर खाएं। मिक्सी में चटनी पीस रहे हैं तो इसे हल्का मोटा ही पीसें। ये चटनी पराठे के स्वाद और भी बढ़ा देगी।