1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मीठा खाने का है मन, तो घर पर बना लें शुगर फ्री खजूर पेड़ा, हेल्दी भी और टेस्टी भी, नोट कर लें विधि

मीठा खाने का है मन, तो घर पर बना लें शुगर फ्री खजूर पेड़ा, हेल्दी भी और टेस्टी भी, नोट कर लें विधि

 Written By: Poonam Yadav
 Published : Sep 02, 2026 07:59 pm IST,  Updated : Sep 02, 2026 08:00 pm IST

इस बार त्योहारों पर बाजार की मिठाइयों की बजाय घर पर खजूर से शुगर फ्री पेड़ा बनाएं। इस रेसिपी में चीनी का इस्तेमाल नहीं किया गया है और इसे बेहद आसानी से कम समय में तैयार किया जा सकता है।

शुगर फ्री मिठाई रेसिपी- India TV Hindi
शुगर फ्री मिठाई रेसिपी Image Source : YOUTUBE - @KAVITASKITCHEN

त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है और मिठाइयों के बिना हर त्योहार अधूरा-सा लगता है। मिठाइयों का स्वाद लाजवाब तो लगता है, लेकिन उसमें चीनी का इस्तेमाल सेहत के लिए फायदेमंद नहीं होता। इसलिए, कई लोग ज्यादा चीनी वाली मिठाइयां खाने से बचते हैं और ऐसे में घर पर बनी शुगर फ्री मिठाई एक अच्छा विकल्प हो सकती है। ऐसे में शेफ रणवीर बरार ने अपने यूट्यूब चैनल पर खजूर के पेड़े की बेहतरीन रेसिपी शेयर की है। इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने में चीनी का इस्तेमाल नहीं किया गया है।

शुगर फ्री खजूर पेड़ा बनाने के लिए सामग्री

घी 3 बड़े चम्मच, सूजी 1 छोटा चम्मच, खजूर का पेस्ट 300 ग्राम, घी 2 छोटे चम्मच, ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल 1 कप, घी 1 छोटा चम्मच, खुबानी 5, अंजीर  5, बादाम 8, पिस्ता 8 सभी कटे हुए

गार्निशिंग के लिए सामग्री: भुना हुआ नारियल, कंडेंस्ड मिल्क, चांदी का वर्क, गुलाब की ताजी पंखुड़ियां, बारीक कटे हुए पिस्ते

शुगर फ्री खजूर पेड़ा बनाने की विधि

  • पहला स्टेप: सबसे पहले एक कड़ाही में 2-3 बड़े चम्मच घी गर्म करें। घी गर्म होने के बाद इसमें सूजी डालें और 2-3 मिनट तक अच्छी तरह भून लें।

  • दूसरा स्टेप: अब इसमें खजूर का पेस्ट डालें और मध्यम आंच पर लगभग 5-6 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इसमें थोड़ा घी और कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।

  • तीसरा स्टेप: इस मिश्रण को लगभग 10 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इसमें बारीक कटे हुए खुबानी, अंजीर, बादाम और पिस्ता डालें और अच्छी तरह मिला लें।

  • चौथा स्टेप: अब तैयार मिश्रण को एक बाउल में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें। जब मिश्रण हाथ से संभालने लायक ठंडा हो जाए तो इसका नींबू के आकार का छोटा हिस्सा लें और गोल आकार देकर पेड़ा तैयार कर लें।

  • पांचवां स्टेप: इसके बाद एक पैन में कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल और घी डालें। इसे धीमी से मध्यम आंच पर 3-4 मिनट तक भूनें। जब नारियल का रंग हल्का सुनहरा हो जाए तो इसे एक प्लेट या ट्रे में निकालकर अलग रख दें। इसी भुने हुए नारियल का इस्तेमाल पेड़ों को कोट करने के लिए करें।

  • छठवां स्टेप: सभी पेड़ों को एक सर्विंग प्लेट में रखें। ऊपर से थोड़ा कंडेंस्ड मिल्क डालें और चांदी के वर्क, गुलाब की पंखुड़ियों और बारीक कटे पिस्ते से सजाकर सर्व करें। अगर आप पूरी तरह बिना चीनी वाला पेड़ा बनाना चाहती हैं तो कंडेंस्ड मिल्क की जगह ड्राई फ्रूट्स और पिस्ते से सजाएं।

 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल