ईद का त्योहार मीठे पकवानों के बिना अधूरा लगता है, और सेवईं तो इस मौके की खास पहचान मानी जाती हैं। अगर आप इस बार कुछ अलग और शाही स्वाद ट्राई करना चाहते हैं, तो लखनऊ की मशहूर किमामी सेवई जरूर बनाएं। दूध, खोया, ड्राई फ्रूट्स और खुशबूदार मसालों से तैयार होने वाली यह डिश अपनी मिठास और गाढ़े टेक्सचर के लिए जानी जाती है। इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि एक बार खाने के बाद लोग उंगलियां चाटते रह जाते हैं। आइए जानते हैं घर पर लखनवी स्टाइल किमामी सेवई बनाने की आसान स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।
सेवई 500 ग्राम, शुद्ध घी 150 ग्राम, चीनी डेढ़ किलो, खोया 500 ग्राम, दूध 100 आधा कप, पानी एक लीटर, बादाम 50 ग्राम, काजू 50 ग्राम, पिस्ता 25 ग्राम, किशमिश एक बड़े चम्मच, अखरोट 30 ग्राम, मखाने 50 ग्राम, नारियल का बुरादा 6 चम्मच
पहला स्टेप: सबसे पहले एक कड़ाही में शुद्ध घी गर्म करें। अब इसमें सेवई डालकर धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक अच्छी तरह भून लें। भूनने से सेवई का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं।
दूसरा स्टेप: एक अलग बर्तन में पानी और चीनी डालकर गैस पर रखें और मध्यम आंच पर पकाएं। जब चीनी पूरी तरह घुल जाए और हल्की चाशनी तैयार हो जाए, तो गैस धीमी कर दें।
तीसरा स्टेप: अब इस चाशनी में भुनी हुई सेवई डाल दें और धीमी आंच पर पकने दें। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि सेवई नीचे से चिपके नहीं।
चौथा स्टेप: जब सेवई थोड़ी नरम हो जाए, तब इसमें मसलकर खोया डालें और साथ में आधा कप दूध भी डाल दें। इसे अच्छे से मिलाकर कुछ देर और पकाएं ताकि मिश्रण गाढ़ा हो जाए।
पांचवा स्टेप: बादाम, काजू, पिस्ता और अखरोट को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। मखानों को हल्का घी में भून लें ताकि वे क्रिस्पी हो जाएं।
छटवां स्टेप: अब किमामी सेवई में कटे हुए ड्राई फ्रूट्स, किशमिश, मखाने और नारियल का बुरादा डालकर अच्छी तरह मिला दें। इसे 5–7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।
सातवां स्टेप: जब सेवई अच्छी तरह गाढ़ी और रिच हो जाए तो गैस बंद कर दें। अब इसे गर्म-गर्म या हल्का ठंडा करके सर्व करें।
संपादक की पसंद