व्रत में अगर मीठा खाना पसंद है तो आप मखाना और तिल से स्वादिष्ट बर्फी बनाकर खा सकते हैं। कैल्शियम से भरपूर ये बर्फी शरीर को ताकत देंगी और इसे खाने से पेट भी लंबे समय तक भरा रहेगा। खास बात ये है कि इस बर्फी को बनाने में आपको जरा भी चीनी और घी का इस्तेमाल नहीं करना है। चीनी की जगह धागे वाली मिश्री से इस बर्फी की मिठास को बढ़ाया जाता है। आप जब फ्री हों तो मावा बनाकर रख लें या बाजार से खरीद लें और झटपट इसकी बर्फी बना लें।
मखाना नारियल बर्फी सामग्री
- 2 कप मखाना
- 250 ग्राम मावा
- 1 कप नारियल का बुरादा
- ¾ कप मिश्री
- 1 छोटा चम्मच घी
मखाना नारियल बर्फी रेसिपी
पहला स्टेप- बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले मखाने को सूखा ही अच्छी तरह से रोस्ट कर लें। जब मखाना ठंडा हो जाए तो मिक्सी में डालकर इसमें स्वादानुसार मिश्री मिलाकर पीस लें। इस मिठाई में चीनी की जगह मिश्री का इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। मिश्री के साथ मखाने को पीसकर बारीक पाउडर जैसा बना लें।
दूसरा स्टेप- अब एक कड़ाही में मावा डालें और मावे को धीमी आंच पर हल्का भून लें। अगर फ्रिज से निकला जमा हुआ मावा है तो उसे पतला होने दें। जब मावा भुन जाए, तो इसमें नारियल का बुरादा डालकर दोनों चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें। थोड़ी देर धीमी आंच पर इसे अच्छी तरह मिक्स करें।
तीसरा स्टेप- अब इसमें स्वाद और खुशबू के लिए हरी इलायची पीसकर डाल दें। वैसे तो इस बर्फी में कोई दूसरा मेवा बिना डाले तैयार कर सकते हैं। लेकिन सजाने के लिए पिस्ता काट लें। अब बर्फी वाले मिक्स को किसी घी लगी प्लेट या टिन में डालें और अच्छी तरह दबाते हुए सेट कर लें। ऊपर से पिस्ता और कद्दूकस किया नारियल डालें।
चौथा स्टेप- तैयार मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें और फिर इसे अपनी पसंदीदा शेप में काट लें। तैयार है स्वादिष्ट, नरम और मुंह में घुल जाने वाली मखाना नारियल बर्फी। आप इसे व्रत में आसानी से खा सकते हैं। इस बर्फी का स्वाद ऐसा है कि आप बाजार से बर्फी खरीदकर खाना भूल जाएंगे। त्योहार पर बनाने के लिए ये आसान और स्वादिष्ट मिठाई की रेसिपी है।