1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. लंच में बनाएं स्टफ्ड आलू दम, टेस्ट ऐसा कि मेहमान कहेंगे वाह क्या स्वाद है

लंच में बनाएं स्टफ्ड आलू दम, टेस्ट ऐसा कि मेहमान कहेंगे वाह क्या स्वाद है

 Written By: Ritu Raj
 Published : Sep 10, 2026 01:42 pm IST,  Updated : Sep 10, 2026 03:45 pm IST

रोज रोज एक ही तरह की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं। तो इस बार ट्राय करें स्टफ्ड आलू दम। ये खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है। यहां हम आपके लिए स्टफ्ड आलू दम की रेसिपी लेकर आए हैं।

Stuffed aloo dum recipe - India TV Hindi
Stuffed aloo dum recipe Image Source : INDIA TV

लंच में अक्सर लोगों का मन कुछ स्वादिष्ट, खास और जायकेदार खाने का करता है। लेकिन लोगों को समझ नहीं आता कि लंच में ऐसा क्या बनाया जाए जो मुंह का टेस्ट बदल दे। अगर आप भी लंच में कुछ खास, स्वादिष्ट और ज़ायकेदार बनाना चाहते हैं, तो स्टफ्ड आलू दम से बेहतर कोई ऑप्शन नहीं हो सकता है। उबले और अंदर से भरे हुए आलू जब रिच, क्रीमी और मसालेदार ग्रेवी में धीमी आंच पर पकते हैं, तो इनका स्वाद बेहद लाजवाब हो जाता है। अगर घर पर खास मेहमान आ रहे हों, तो यह डिश आपके लंच मेन्यू में चार चांद लगा देगी। यहां इसकी रेसिपी दी गई है। 

सामग्री

  • स्टफिंग के लिए: 8-10 मध्यम आकार के आलू, 100 ग्राम पनीर, 2 चम्मच बारीक कटे काजू और किशमिश, 1 बारीक कटी हरी मिर्च, थोड़ा सा हरा धनिया, स्वाद अनुसार नमक और ½ चम्मच गरम मसाला।
  • ग्रेवी के लिए: 2 बड़े प्याज, 3 टमाटर, 1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, ½ कप फेंटा हुआ दही, 2 चम्मच काजू पेस्ट, 1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी, ताजा हरा धनिया और देसी घी या तेल।
  • खड़े व सूखे मसाले: 1 तेजपत्ता, 1 दालचीनी का टुकड़ा, 2 लौंग, 2 छोटी इलायची, 1 चम्मच जीरा, 1 चम्मच हल्दी पाउडर, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर और स्वाद अनुसार नमक।

बनाने का तरीका

आलू तैयार करें: आलू को छीलकर आधा उबालें। इसके बाद आलू के बीच का हिस्सा चम्मच या पिलर की मदद से सावधानीपूर्वक खोखला कर लें।

स्टफिंग भरें और फ्राई करें: कटिंग से निकले आलू के अंदरूनी भाग को मैश करें और उसमें पनीर, ड्राई फ्रूट्स, हरी मिर्च, धनिया, नमक और गरम मसाला मिलाकर मिश्रण तैयार करें। इस स्टफिंग को खोखले किए गए आलू में दबाकर भरें। इसके बाद टूथपिक से आलू में हल्के छेद करें और गरम तेल में हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें।

ग्रेवी तैयार करें: कढ़ाई में तेल या घी गरम करके जीरा, तेजपत्ता, दालचीनी और इलायची का तड़का लगाएं। फिर प्याज का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर 1 मिनट पकाएं।

मसाले और प्यूरी मिलाएं: अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालें। इसके बाद टमाटर प्यूरी डालकर तब तक भूनें जब तक मसाला तेल न छोड़ दे।

क्रीमी टेक्सचर दें: आंच धीमी करके फेंटा हुआ दही और काजू पेस्ट मिलाएं। इसे लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं।

दम लगाएं: ग्रेवी में 1 कप गुनगुना पानी मिलाएं और उबाल आने दें। अब फ्राई किए हुए स्टफ्ड आलू ग्रेवी में डालें। ऊपर से कसूरी मेथी और थोड़ा सा गरम मसाला छिड़कें। कढ़ाई को ढककर धीमी आंच पर 8-10 मिनट के लिए 'दम' पर पकने दें। फिर इसे सर्व करें। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल