1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: राजा रघुवंशी की मां से मिला सोनम का भाई, फूट-फूटकर रोया, बहन के लिए कही ये बात

VIDEO: राजा रघुवंशी की मां से मिला सोनम का भाई, फूट-फूटकर रोया, बहन के लिए कही ये बात

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jun 11, 2025 03:07 pm IST,  Updated : Jun 11, 2025 03:17 pm IST

इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस का एक्शन जारी है। इस बीच सोनम के भाई ने राजा रघुवंशी के घर पहुंचकर उनकी मां से मुलाकात की है। सोनम के भाई गोविंद ने कहा कि हम इस परिवार के साथ खड़े हैं।

raja raghuvanshi murder case- India TV Hindi
राजा रघुवंशी की मां से मिला सोनम का भाई। Image Source : INDIA TV

इंदौर में राजा रघुवंशी के घर अभी थोड़ी देर पहले सोनम का भाई गोविंद पहुंचा। उसने राजा की मां से मुलाकात की है। इस दौरान वह राजा की मां से गले मिलकर फूट-फूटकर रोने लग गया। गोविंद ने कहा कि हमारे परिवार को उस रिश्ते के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। वहीं, जो लोग दोषी हैं, उन सभी को फांसी की सजा हो। गोविंद ने कहा कि हम इस परिवार के साथ खड़े हैं।

राजा की मां से मिलने के बाद सोनम के भाई ने कहा, ''सोनम का किसी के साथ अफेयर नहीं था। जो भी दोषी है उसे फांसी हो। उसने कहा, राज कुशवाहा सिर्फ हमारा कर्मचारी है और सोनम, राज के साथ कर्मचारी के तौर पर बात करती थी। वह राज कुशवाहा को राखी भी बांधती है।''

सोनम ने कबूल किया जुर्म

वहीं, आपको बता दें कि आरोपी सोनम रघुवंशी ने SIT पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। सारे सबूत सामने रख कर सोनम से पूछताछ की जा रही है और पूछताछ में सोनम ने कहा कि, हां, वो अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश में शामिल थी। मेघालय पुलिस ने जब सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज कुशवाहा का आमना-सामना करवाया, तो सोनम टूट गई और उसने अपने पति राजा कुशवाहा की हत्या की साजिश में शामिल होने की बात कबूल ली। पुलिस ने पुख्ता सबूतों के साथ दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की।

राजा की हत्या के बाद इंदौर आई थी सोनम?

इस बीच, मीडिया की खबरों में यह बात सामने आई है कि मेघालय में 23 मई को राजा रघुवंशी की हत्या के बाद उसकी पत्नी सोनम इंदौर आई थी। मध्य प्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने बताया,‘‘हमें सोनम के मेघालय से इंदौर आकर 25 से 27 मई के बीच शहर के देवास नाका क्षेत्र में किराये के एक फ्लैट में रहने की सूचना मिली है। हालांकि, इस बारे में डिटेल जानकारी मेघालय पुलिस दे सकेगी।’’

11 मई को शादी, 23 मई को लापता

मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को लापता हो गए थे। उन्होंने बताया कि राजा रघुवंशी का शव दो जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था। राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के वास्ते मेघालय के लिए रवाना हुए थे। मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (SIT) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है। 

यह भी पढ़ें-

राजा रघुवंशी मर्डर केस: पिता का बड़ा खुलासा, 'शादी के बाद भी सोनम और राजा के नहीं बने थे संबंध'

राजा रघुवंशी मर्डर केस: सोनम ने मायके में रहकर पति के मर्डर की पूरी प्लानिंग की, जानिए हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।