1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दो लाख देकर युवक ने की थी शादी, घर आई दुल्हन दूल्हे को नशीली दवा खिलाकर पैसे और मोबाइल लेकर भागी

दो लाख देकर युवक ने की थी शादी, घर आई दुल्हन दूल्हे को नशीली दवा खिलाकर पैसे और मोबाइल लेकर भागी

 Written By: Pankaj Yadav
 Published : Jun 08, 2024 12:10 pm IST,  Updated : Jun 08, 2024 12:10 pm IST

एक शख्स ने दो लाख रुपए देकर अपनी शादी उत्तर प्रदेश की रहने वाली लड़की से की थी। शादी के बाद घर आई दुल्हन ने दूल्हे और उसके भाई को नशीली दवा खिलाकर उसे लूटकर भाग गई।

शादी करते हुए दूल्हा-दुल्हन- India TV Hindi
शख्स ने लुटेरी दुल्हन के साथ इंदौर के नेहरू नगर स्थित आदेश्वर वैदिक संस्कार विवाह सेवा समिति में शादी की थी Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के राजगढ़ से एक लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है। जहां दुल्हन ने शादी के एक दिन बाद ही दूल्हे समेत उसके भाई को खाने में नशीली दवा मिलाकर दे दी। दोनों भाईयों के बेहोश हो जाने के बाद दुल्हन उनके पैसे और मोबाइल लेकर भाग गई। जब दूल्हे की आंख खुली तो वह भोपाल में और उसका भाई अस्पताल में था। घटना के बाद दूल्हे ने पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाई।

Related Stories

शादी करने के लिए लड़की वालों ने दूल्हे से लिए 2 लाख रुपए

दरअसल, पूरा मामला राजगढ़ जिले के कुरावर थाना क्षेत्र के बिहार कोटरा गाँव का है। यहां रहने वाले पीड़ित होकम सिंह तंवर (35) ने बताया कि वह पीलूखेड़ी की एक प्राइवेट कम्पनी में काम करता है। जिसके लिए उसे 10 हजार रुपए सैलरी मिलती है। उसकी शादी नहीं होने के कारण वह परेशान रहता था। एक दिन होकम सिंह के साथ उसी कम्पनी में काम करने वाले उत्तर प्रदेश निवासी राज कुमार के माध्यम से उत्तर प्रदेश की एक लड़की कंचन से उसकी फोन पर ही शादी तय करवाई गई। फोन पर लड़की वालों ने होकम से शादी करने की एवज में दो लाख रुपए की डिमांड की। होकम सिंह ने लड़की वालों से फोन पर कहा कि आप लड़की की शादी करवा दो, मैं पैसे दे दूंगा। 

इंदौर में हिंदू रीति रिवाज से हुई थी शादी

जिसके बाद होकम ने कहा कि आप लड़की को लेकर भोपाल आ जाओ, इस दौरान उत्तर प्रदेश से 26 मई को दुल्हन कंचन (23) अपने पिता कुबेर और भाई अजय सहित 5-6 लोगों के साथ होकम सिंह तंवर से शादी करने  के लिए इंदौर आ गई। उन्होंने होकम सिंह को इंदौर बुलवा लिया। होकम का कहना है कि शादी करने से पहले  दुल्हन कंचन और उसके पिता कुबेर ने मुझसे 2 लाख रुपए लिए और फिर इंदौर के नेहरू नगर स्थित आदेश्वर वैदिक संस्कार विवाह सेवा समिति में मेरी कंचन से हिन्दू रीति रिवाज के साथ शादी करवाई गई। शादी के एक दिन बाद मैं कंचन को अपने साथ गांव लाने के लिए इंदौर से निकलने लगा तो दुल्हन के पिता कुबेर ने मुझसे कहा कि आप दुल्हन के भाई अजय को भी अपने साथ ले जाइए। ये आपका गांव और घर भी देख लेगा। जिसके बाद दूल्हा होकम सिंह अपनी पत्नी कंचन और साले अजय के साथ अपने गांव बिहार कोटरा आ गया। 

दुल्हन दूल्हे और उसके भाई को नशीली दवा खिलाकर लूट ले गई पैसे 

दुल्हन सामान्य तरीके से घर में एक दिन रही, लेकिन 28 मई  की रात को उसने पति होकम सिंह, देवर गुलाब सिंह को खाने में नशीली दवा खिला दी। जिसके बाद वह बेहोश हो गए और फिर दुल्हन और उसके भाई अजय ने रातों-रात होकम की जेब में रखे कुछ पैसे और दो मोबाइल फोन निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने होकम की बाइक पर उसे बेहोशी की हालत में बैठाया और वहां से वे भोपाल पहुंच गए। भोपाल में  होकम को बाइक सहित छोड़ दुल्हन कंचन और उसका भाई फरार हो गए। पीड़ित दूल्हे ने घटना की जानकारी कुरावर थाना पुलिस को दी है लेकिन मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

(राजगढ़ से गोविंद सोनी की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

कांतिलाल भूरिया ने मांग लिया जीतू पटवारी का इस्तीफा, कहा- सभी सीट हारे हैं, नैतिकता के आधार पर यही होता है

एमपी में क्लीन स्वीप के बाद CM मोहन यादव का Exclusive इंटरव्यू, जानें 'मोदी सरकार 3.0' पर क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।