1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Landslide in Maharashtra: बाढ़ और बारिश के कहर से महाराष्ट्र बेहाल, पालघर में भूस्खलन से बाप-बेटी की मौत

Landslide in Maharashtra: बाढ़ और बारिश के कहर से महाराष्ट्र बेहाल, पालघर में भूस्खलन से बाप-बेटी की मौत

 Written By: Pankaj Yadav
 Published : Jul 13, 2022 03:58 pm IST,  Updated : Jul 13, 2022 03:58 pm IST

Landslide in Maharashtra: महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से हर रोज प्राकृतिक आपदा की खबरें सामने आ रही हैं। पालघर में भूस्खलन की घटना से एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हो गई। वहीं मंगलवार को नागपुर में बाढ़ के दौरान पुल से SUV बह गई।

Landslide in Palghar- India TV Hindi
Landslide in Palghar Image Source : ANI

Highlights

  • महाराष्ट्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है
  • पालघर जिले में भूस्खलन में एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हुई
  • नागपुर में बाढ़ के दौरान पुल से एक SUV बह गई, जिससे 3 लोगों की मौत हुई

Landslide in Maharashtra: महाराष्ट्र में पालघर जिले के वसई कस्बे में बुधवार को भूस्खलन से एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हो गई तथा परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय अग्निशमनकर्मियों तथा NDRF के कर्मियों ने मौके पर बचाव कार्य शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि भूस्खलन के बाद, वसई इलाके के वाघरालपाड़ा में स्थित अनिल सिंह (45) के घर पर सुबह साढ़े छह बजे पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिरा। उन्होंने कहा कि हादसे में सिंह और उसकी बेटी रोशनी (16) की मौत हो गई। सिंह की पत्नी वंदना (40) और बेटा ओम (12) मलबे में दब गए थे जिन्हें बाद में फायरफाइटर्स तथा स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि मलबे से अनिल सिंह का शव सुबह साढ़े दस बजे निकाला गया और उसकी बेटी का शव दोपहर लगभग एक बजे निकाला जा सका। पालघर के जिलाधिकारी डॉ माणिक गुरसाल ने कहा कि बचाव अभियान बाद में रोक दिया गया और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से पालघर में भारी बारिश हो रही है। पुलिस ने कहा कि वसई के वालिव इलाके के वागरापाड़ा में एक घर पर सुबह साढ़े छह बजे भूस्खलन का मलबा गिरा। 

नागपुर में बाढ़ के दौरान पुल से बही SUV

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में मंगलवार को बाढ़ में एक पुल से एक SUV वाहन के बह जाने के कारण मध्य प्रदेश के तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग लापता हैं। हादसे में मारे गए लोग मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले थे। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर केलवाड़ थाना क्षेत्र के नंदा गांव में दोपहर में हुई। अधिकारी ने कहा, ‘‘एसयूवी में आठ लोग सवार थे, जो एक ऐसे पुल को पार कर रही थी, जिसके दोनों ओर रेलिंग नहीं थी। पुल के ऊपर तक तेज बहाव से गुजर रहा पानी वाहन को बहा ले गया। दो यात्री तैरकर सुरक्षित निकल गए। हमने तीन व्यक्तियों के शव बरामद कर लिए हैं और तीन अन्य लापता हैं।’’ मृतकों की पहचान रोशनी चौकीदार (32), दर्शन चौकीदार (10) और एसयूवी चालक लीलाधर हिवारे (38) के रूप में हुई है। मधुकर पाटिल (65), उनकी पत्नी निर्मला (60) और नीमू अतनेर (45) लापता हैं। ये तीनों पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले हैं। केलवाड़ पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि वाहन मध्य प्रदेश के मुलताई से नंदा जा रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।