1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई: बारिश में कमी के बाद परिवहन सेवाएं शुरू, सामान्य रूप से चली लोकल ट्रेन

मुंबई: बारिश में कमी के बाद परिवहन सेवाएं शुरू, सामान्य रूप से चली लोकल ट्रेन

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 24, 2020 02:03 pm IST,  Updated : Sep 24, 2020 02:03 pm IST

मुम्बई में बृहस्पतिवार को बारिश के थोड़ा धीमे पड़ने के बाद रेल और सड़क परिवहन सेवाएं सामान्य हो रही हैं।

मुंबई: बारिश में कमी के बाद परिवहन सेवाएं शुरू, सामान्य रूप से चली लोकल ट्रेन- India TV Hindi
मुंबई: बारिश में कमी के बाद परिवहन सेवाएं शुरू, सामान्य रूप से चली लोकल ट्रेन Image Source : FILE

मुम्बई: मुम्बई में बृहस्पतिवार को बारिश के थोड़ा धीमे पड़ने के बाद रेल और सड़क परिवहन सेवाएं सामान्य हो रही हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार बारिश के धीमे होने के बाद अब महानगर में कहीं भी जल भराव नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक अधिकारी ने बताया कि मुम्बई के उपनगरों और निकटवर्ती नवी मुम्बई में पिछले 24 घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। 

उन्होंने बताया कि सांताक्रूज वेधशाला में बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 108.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कोलाबा वेधशाला में 50.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के अनुसार शहर में बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 12 घंटे में 256 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में क्रमश: 237 मिमी और 158 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर के कई इलाकों में पानी भर गया था। 

पटरियों पर पानी भरने की वजह से मध्य रेल (सीआर) और पश्चिमी रेल की स्थानीय सेवाएं भी बुधवार को प्रभावित हुई थी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कम होने के कारण बृहस्पतिवार को लोकल ट्रेन सेवाएं अब सामान्य रूप से चल रही हैं। सीआर के प्रमुख जनसम्पर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने कहा, ‘‘ आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों के लिए विशेष उपनगर ट्रेनें अब बिना किसी बाधा के चल रही हैं।’’ 

सूत्रों ने बताया कि आज सुबह से पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय सेवाएं भी तय समय पर चल रही हैं। बता दें कि मुम्बई में मंगलवार रातभर हुई भारी बारिश से बुधवार सुबह कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ था। IMD के मुम्बई केन्द्र के उप महानिदेश के एस होसालिकर ने बताया था कि मुम्बई में हुई यह बारिश अब तक की सर्वाधिक बारिशों में से एक है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।